सरोजनीनगर को बड़ी सौगात: बिजनौर अंडरपास से शहीद पथ को जोड़ने वाला ₹4.64 करोड़ का अत्याधुनिक रैंप जल्द होगा तैयार
अन्य खबरे Jan 30, 2026 at 09:45 PM , 142लखनऊ।
विकास के प्रति प्रतिबद्ध नेतृत्व के परिणामस्वरूप सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। इसी क्रम में क्षेत्र को एक और महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजना की सौगात मिली है।
लोकप्रिय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के सतत प्रयासों से बिजनौर अंडरपास के पास शहीद पथ पर सीधे चढ़ने के लिए ₹4 करोड़ 64 लाख की लागत से अत्याधुनिक रैंप निर्माण परियोजना को मंज़ूरी मिल गई है। इस परियोजना के लिए राज्य सड़क निधि से प्रथम किस्त के रूप में ₹1 करोड़ 62 लाख की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है, जिससे शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।
उल्लेखनीय है कि इस बहुप्रतीक्षित परियोजना की स्वीकृति के लिए विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने 9 अक्टूबर 2024 को माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश श्री योगी आदित्यनाथ तथा 14 अक्टूबर 2024 को माननीय प्रभारी मंत्री श्री सुरेश खन्ना को पत्र भेजकर आग्रह किया था। इस परियोजना को आगे बढ़ाने में सरोजनीनगर निवासी कर्नल सत्येंद्र सिंह द्वारा विधायक को लिखे गए पत्र ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस संबंध में 8 जनवरी 2026 को उत्तर प्रदेश शासन के संयुक्त सचिव राजेश प्रताप सिंह द्वारा प्रमुख अभियंता (विकास) एवं विभागाध्यक्ष, लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ को जारी पत्र में अवगत कराया गया कि वित्तीय वर्ष 2025–26 के अंतर्गत अनुदान संख्या-58, लेखाशीर्षक-3054 (राज्य सड़क निधि) के तहत लखनऊ मंडल के विभिन्न जनपदों में कुल चार मार्गों के विशेष मरम्मत एवं विकास कार्यों हेतु ₹7 करोड़ 83 लाख 15 हजार की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इसी के अंतर्गत सरोजनीनगर में यह रैंप निर्माण परियोजना शामिल है।
रैंप के निर्माण के पश्चात SGPGI, उतरेठिया, रायबरेली रोड, तेलीबाग, बिजनौर तथा आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले लाखों नागरिकों को एयरपोर्ट, कानपुर रोड और शहर के प्रमुख हिस्सों तक सीधी, तेज़ और सुगम यातायात सुविधा प्राप्त होगी। इससे न केवल समय और ईंधन की बचत होगी, बल्कि ट्रैफिक दबाव में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।
सुगम यातायात, स्मार्ट कनेक्टिविटी और जनसुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह का संकल्प है। लंबे समय से चली आ रही क्षेत्रीय मांग अब साकार रूप ले रही है।
इस महत्वपूर्ण लोककल्याणकारी परियोजना के लिए डॉ. राजेश्वर सिंह ने सतत विकास और जन-सुविधा को प्राथमिकता देने वाले नेतृत्व हेतु माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए समस्त सरोजनीनगर परिवार को बधाई दी है।





























Comments