उत्तर प्रदेश दिवस पर लखनऊ में तीन दिवसीय नाट्य समारोह का भव्य शुभारंभ, ‘सैयां भये कोतवाल’ ने बटोरा दर्शकों का भरपूर मनोरंजन

मनोरंजन , 55

लखनऊ।
उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर केन्द्रीय संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली, संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश एवं थियटर एवं फिल्म वेलफेयर एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय नाट्य समारोह का भव्य शुभारंभ इपटा प्रेक्षागृह, कैंसरबाग, लखनऊ में हुआ। यह समारोह 30 जनवरी से 1 फरवरी तक आयोजित किया जा रहा है।
समारोह की पहली प्रस्तुति के रूप में नव अंशिका फाउंडेशन रंगमंडल द्वारा प्रसिद्ध हास्य-व्यंग्य नाटक ‘सैयां भये कोतवाल’ का मंचन किया गया। नाटक का निर्देशन त्यागी त्यागी ने किया, जिसने दर्शकों को ठहाकों से भरपूर मनोरंजन प्रदान किया।
नाटक की कहानी एक दिलफेंक, सनकी राजा सक राम के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे राज्य की जिम्मेदारियों से अधिक अपनी सनक और शौक प्रिय हैं। राजा की अजीबो-गरीब कार्यशैली के कारण पूरा राज्य अव्यवस्था की चपेट में है। कहानी में एक पुराना बंगला, भूतों का साया, एक कोठे की स्थापना और प्रेम में पागल ‘मैं’ नामक पात्र के माध्यम से सामाजिक विडंबनाओं को हास्य के साथ प्रस्तुत किया गया है।
कथानक उस मोड़ पर पहुंचता है, जहां ‘मैं’ कोतवाल बनने की शर्त पर विवाह का प्रस्ताव रखती है, जिससे कोतवाल की हत्या की साजिश रची जाती है और घटनाएं हास्यपूर्ण मोड़ लेती हैं।
मंच पर रोहित श्रीवास्तव, ऋषभ पाण्डेय, शशांक पाण्डेय, अनामिका सिंह, सनुज प्रजापति, कुलदीप श्रीवास्तव, सौरभ वर्मा, रेनू शुक्ला, अफजल सिद्दीकी, हिबा और फैसल सहित कलाकारों ने सशक्त अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
नाट्य समारोह की दूसरी प्रस्तुति थियटर एवं फिल्म वेलफेयर एसोसिएशन रंगमंडल के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की जाएगी, जिसका परिकल्पना एवं निर्देशन दबीर सिद्दीकी के निर्देशन में होगा।
यह नाट्य समारोह न केवल उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को सशक्त रूप में प्रस्तुत कर रहा है, बल्कि रंगमंच प्रेमियों के लिए एक यादगार अनुभव भी साबित हो रहा है।

Related Articles

Comments

Back to Top