1 करोड़ के मानहानि नोटिस पर सियासी तकरार तेज: MLC अक्षय प्रताप सिंह का भानवी सिंह पर पलटवार, बोले– ‘द्वेषवश भेजा गया नोटिस’
अन्य खबरे Feb 08, 2026 at 03:55 PM , 86प्रतापगढ़/कुंडा। कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) से जुड़े पारिवारिक विवाद ने अब कानूनी के साथ-साथ राजनीतिक रंग भी पकड़ लिया है। राजा भैया की पत्नी भानवी कुमारी सिंह द्वारा अपने ममेरे भाई बृजेंद्र प्रताप सिंह को भेजे गए 1 करोड़ रुपये के मानहानि नोटिस पर प्रतापगढ़ से विधान परिषद सदस्य (MLC) कुंवर अक्षय प्रताप सिंह ‘गोपाल जी’ ने कड़ा पलटवार किया है।
अक्षय प्रताप सिंह ने भानवी सिंह के नोटिस को निराधार और तथ्यों से परे बताते हुए कहा कि यह कदम मानहानि से अधिक व्यक्तिगत द्वेष और आपसी रंजिश का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि भानवी सिंह स्वयं इस मामले में गलत हैं और उन्होंने अपने ही परिजन को कानूनी नोटिस भेजकर विवाद को अनावश्यक रूप से तूल देने की कोशिश की है।
क्या है पूरा मामला?
भानवी कुमारी सिंह ने अपने अधिवक्ता पंकज कौशिक के माध्यम से बृजेंद्र प्रताप सिंह को कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि 21 सितंबर 2025 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर उनके खिलाफ एक अपमानजनक एवं भ्रामक पोस्ट साझा की गई, जिसे करीब 11 लाख से अधिक बार देखा गया। भानवी सिंह का दावा है कि इससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गंभीर और अपूरणीय क्षति पहुंची है।
नोटिस में 15 दिनों के भीतर सार्वजनिक माफी मांगने और 1 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की गई है।
अक्षय प्रताप सिंह का प्रहार
MLC अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि नोटिस में लगाए गए आरोपों का कोई ठोस आधार नहीं है और यह कानूनी कार्रवाई केवल दबाव बनाने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने संकेत दिया कि इस पूरे मामले में सच्चाई कुछ और है, जिसे सामने लाने की आवश्यकता है।
बढ़ सकती हैं कानूनी मुश्किलें
भानवी सिंह ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि यदि तय समय सीमा के भीतर उनकी मांगें पूरी नहीं की जाती हैं, तो वह भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत बृजेंद्र प्रताप सिंह के खिलाफ दीवानी एवं आपराधिक मुकदमा दर्ज कराएंगी।



























Comments