लखनऊ: बेसिक विद्यालय अलीनगर सुनहरा में धूमधाम से मना 77वां गणतंत्र दिवस, बच्चों की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने मोहा मन

अन्य खबरे , 119

लखनऊ। बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित नगर क्षेत्र के जोन-एक स्थित बेसिक विद्यालय अलीनगर सुनहरा में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाध्यापक राकेश कुमार पाण्डेय ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
ध्वजारोहण के उपरांत अपने संबोधन में प्रभारी प्रधानाध्यापक ने सरकार द्वारा विद्यालयों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारतीय संविधान लागू हुआ और भारत एक संपूर्ण लोकतांत्रिक गणराज्य बना। हमारा संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व जैसे महान मूल्यों की सीख देता है।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आप ही देश का भविष्य हैं। शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के माध्यम से आप भारत को नई ऊँचाइयों तक ले जा सकते हैं। एक जिम्मेदार नागरिक बनना ही सच्चा देशप्रेम है। इस अवसर पर बच्चों को संविधान के सम्मान और कर्तव्यों के ईमानदार पालन की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कविताएँ एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। उपस्थित शिक्षकों, अभिभावकों एवं अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित किया गया, जबकि उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का सूक्ष्म जलपान कराकर उनका सम्मान किया गया।
इस अवसर पर डीएलएड प्रशिक्षु, शिक्षकगण, अभिभावक एवं अन्य अतिथि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Related Articles

Comments

Back to Top