मेजा में ‘विकसित भारत’ थीम पर पांच दिवसीय मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का आयोजन, मन की बात कार्यक्रम में उमड़ी भारी भागीदारी
जनपत की खबर Jan 25, 2026 at 06:30 PM , 160लखनऊ। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा प्रयागराज जनपद की मेजा तहसील स्थित पंडित कृपाशंकर तिवारी महाविद्यालय में इंटीग्रेटेड कम्युनिकेशन एंड आउटरीच प्रोग्राम (ICOP) के अंतर्गत ‘विकसित भारत – जी राम जी कानून’, ‘सेवा, सुशासन एवं समृद्धि’ तथा ‘गणतंत्र दिवस’ विषयों पर आधारित पांच दिवसीय मल्टीमीडिया प्रदर्शनी, व्याख्यान, गोष्ठी, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन 24 जनवरी से 28 जनवरी 2026 तक किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दूसरे दिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में राष्ट्र के नाम संबोधन को सुना।
इस अवसर पर आयोजित कार्यशाला में ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य एवं उसे प्राप्त करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि, राष्ट्रीय युवा आयोग के पूर्व सदस्य एवं समाजसेवी श्री योगेश शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सरकार सेवा, सुशासन और समृद्धि के मंत्र के साथ सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना से देश के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है।
श्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में सड़क, रेल और हवाई संपर्क सहित आधारभूत संरचना के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति हुई है। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आम नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने मेक इन इंडिया, स्टार्ट-अप इंडिया जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे युवाओं को उद्यमिता एवं रोजगार के व्यापक अवसर प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा औपनिवेशिक काल के कानूनों में बदलाव कर उन्हें जन-आकांक्षाओं के अनुरूप बनाया गया है। दंड संहिताओं को न्याय संहिता में परिवर्तित किया गया है, श्रम संहिताओं का गठन किया गया है तथा आयकर नियमों में भी सुधार किए गए हैं। श्री शुक्ल ने कहा कि सरकार ने पूर्ववर्ती योजनाओं की समीक्षा कर उनकी कमियों को दूर किया है तथा रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से नई पहलें की हैं।
मुख्य अतिथि ने कहा कि केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी आमजन को सरकार की नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वतंत्रता संग्राम एवं भारतीय संविधान के निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान करेगी। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से बड़ी संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियाँ भी दी गईं। केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी 28 जनवरी 2026 तक निरंतर जारी रहेगी।




































Comments