राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर लखनऊ में ‘संडे ऑन साइकिल’ और पदयात्रा का आयोजन

जनपत की खबर , 117

लखनऊ।
16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत (MY Bharat) केंद्र, लखनऊ एवं भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में 25 जनवरी 2026 को क्षेत्रीय केंद्र, भारतीय खेल प्राधिकरण में पदयात्रा एवं ‘संडे ऑन साइकिल–2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य “MY भारत, MY वोट” के नारे के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी को बढ़ाना था।
यह आयोजन देश-भर में युवाओं को मतदाता जागरूकता से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका लक्ष्य सूचित, नैतिक एवं सक्रिय मतदान को प्रोत्साहित करना है। विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले युवाओं पर केंद्रित इस कार्यक्रम में मतदाता जागरूकता को शारीरिक फिटनेस और सामुदायिक सहभागिता के साथ जोड़ा गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को मतदान के महत्व से अवगत कराना, मतदाता पंजीकरण एवं निर्वाचन विवरण में सुधार को प्रेरित करना तथा जमीनी स्तर पर लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करना रहा। पदयात्रा एवं साइकिल रैली के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया।
कार्यक्रम में MY भारत के स्वयंसेवकों, विभिन्न ब्लॉकों से आए 100 से 150 युवाओं एवं पहली बार मतदान करने वालों की सक्रिय भागीदारी रही। गतिविधियों में पदयात्रा, साइकिल रैली, पहली बार मतदाताओं का सम्मान, जागरूकता संवाद, शपथ ग्रहण समारोह एवं जनसंपर्क कार्यक्रम शामिल रहे। अर्धसैनिक बल एसएसबी के जवानों की भी कार्यक्रम में उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सिंह (क्षेत्रीय निदेशक, भारतीय खेल प्राधिकरण), श्री अनिल कुमार सिंह (क्षेत्रीय निदेशक, MY Bharat), श्री समरदीप सक्सेना (क्षेत्रीय निदेशक, NSS), श्री संजीव सिंह (जिला युवा अधिकारी), श्री सौरभ गुप्ता (क्षेत्रीय विपणन प्रमुख, एसीसी सीमेंट), श्री रवि शेखर झा एवं श्री धर्मवीर यादव (डिप्टी कमांडेंट, एसएसबी उत्तर प्रदेश) सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपनिदेशक MY Bharat लखनऊ, श्री विकास कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस को केवल एक दिवस नहीं, बल्कि लोकतंत्र के पर्व के रूप में मनाया जाना चाहिए, ताकि देश के युवा अपने मत की शक्ति को पहचानें और जिम्मेदार नागरिक के रूप में लोकतंत्र को सशक्त बनाएँ।
इस पहल के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों का संवाहक और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बनने के लिए प्रेरित किया गया।

Related Articles

Comments

Back to Top