लखनऊ में राज्य स्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम आयोजित, 500 से अधिक लोगों को दिलाई गई मतदाता शपथ
जनपत की खबर Jan 25, 2026 at 07:20 PM , 109लखनऊ, 25 जनवरी 2026।
उत्तर प्रदेश में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन राजधानी लखनऊ में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को संबोधित किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मंडलायुक्त श्री विजय विश्वास पंत, राज्य स्वीप आइकन सुश्री सुधा सिंह एवं सुश्री अनुष्का चौबे, तथा जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशाख जी उपस्थित रहे। इस अवसर पर लगभग 500 अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को मतदाता शपथ दिलाई गई।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर “निर्वाचन के बढ़ते कदम” थीम पर ‘जर्नी ऑफ इलेक्शन’ प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया, जिसमें निर्वाचन प्रक्रिया में समय-समय पर हुए महत्वपूर्ण बदलावों को प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं युवा मतदाताओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 75 बूथ लेवल अधिकारियों, 75 बीएलओ सुपरवाइज़र, 18 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) तथा 6 जिला निर्वाचन अधिकारियों (एटा, बाराबंकी, औरैया, शामली, महोबा एवं फतेहपुर) को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले 15 नए युवा मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र प्रदान किए गए, जबकि 5 महिला मतदाताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा ने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम “मेरा भारत, मेरा वोट” है। उन्होंने बताया कि 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी तथा मतदाता अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वर्ष 2011 से राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है।
उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश में यह अभियान 22 वर्षों बाद व्यापक स्तर पर संचालित किया गया, जिसके अंतर्गत घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया गया। इस प्रक्रिया के परिणामस्वरूप 6 जनवरी को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में कुल 12 करोड़ 55 लाख 56 हजार 25 मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अब भी कुछ पात्र नागरिक, विशेष रूप से महिलाएं एवं 18 से 20 वर्ष आयु वर्ग के युवा, मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। इस दिशा में 11 एवं 18 जनवरी को विशेष अभियान चलाए गए, जिनके माध्यम से 7 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। आगामी 31 जनवरी को पुनः विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने बूथ पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं का नाम पूर्व में सूची में था लेकिन वर्तमान में किसी कारणवश हट गया है, वे फॉर्म-06 एवं घोषणा पत्र भरकर पुनः अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।
बीएलओ की भूमिका की सराहना करते हुए श्री रिणवा ने कहा कि तकनीक के माध्यम से अब उनके कार्यों की प्रभावी निगरानी की जा रही है, जिससे पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित हो रही है।
उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे उत्तर प्रदेश सीईओ की वेबसाइट, voters.eci.gov.in, ईसीआई नेट ऐप अथवा 1950 हेल्पलाइन के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जांचें। साथ ही राजनीतिक दलों एवं उनके प्रतिनिधियों से भी पात्र नागरिकों के नाम दर्ज कराने में सहयोग की अपील की गई।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि भविष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निर्वाचन अधिकारियों, ईआरओ एवं उनकी टीमों को प्रोत्साहन स्वरूप विदेशी अध्ययन भ्रमण पर भेजे जाने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है।


































Comments