प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना का औचक निरीक्षण, डायमंड डेरी कॉलोनी में सफाई कार्यों की समीक्षा

जनपत की खबर , 85

लखनऊ।
उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा लखनऊ जनपद के प्रभारी मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने डायमंड डेरी कॉलोनी में सफाई व्यवस्था और पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति परखने के लिए शनिवार को पुनः औचक निरीक्षण किया।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को प्रभारी मंत्री ने प्रातः 7 बजे जोन-1 के विभिन्न वार्डों में सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया था। उस दौरान कई खामियां और लापरवाहियां सामने आने पर उन्होंने अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए थे।
शुक्रवार को दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा के लिए प्रभारी मंत्री शनिवार को फिर डायमंड डेरी कॉलोनी पहुंचे और मौके पर जमीनी हकीकत का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि सफाई कार्य जारी है, क्षेत्र में काफी हद तक सफाई कराई जा चुकी है तथा नगर निगम द्वारा अवैध कब्जों को हटा दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान श्री खन्ना ने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि अवैध कब्जे से मुक्त कराए गए स्थान पर ओपन जिम का निर्माण कराया जाए तथा उसकी जाली के माध्यम से बैरिकेटिंग भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि 20 दिनों के भीतर उक्त स्थल का पुनः निरीक्षण किया जाएगा।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को स्वच्छता अभियानों में विशेष रुचि लेने और निरंतर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। श्री खन्ना ने कहा कि नियमित स्थलीय निरीक्षण से कार्यों की गुणवत्ता में सुधार आता है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें और बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें।

Related Articles

Comments

Back to Top