लखनऊ में 16 से 18 जनवरी तक इंडिया फूड एक्सपो–2026, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य करेंगे उद्घाटन
जनपत की खबर Jan 14, 2026 at 08:40 PM , 149लखनऊ: 14 जनवरी 2026
अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, उत्तर प्रदेश शासन श्री बी. एल. मीणा ने जानकारी दी है कि इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) द्वारा उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के सहयोग से 16 से 18 जनवरी 2026 तक 10वें संस्करण के इंडिया फूड एक्सपो–2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत “Seminar on Opportunities & Growth Strategies in Food Processing, Hospitality & Food & Beverages Sector” का भी आयोजन होगा।
यह तीन दिवसीय भव्य आयोजन रिगेलिया ग्रीन्स, (1090 चौराहे के पास), गोमती नगर, लखनऊ में संपन्न होगा। एक्सपो एवं सेमिनार का उद्घाटन उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा 16 जनवरी 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे किया जाएगा। उद्घाटन सत्र में कृषि उत्पादन आयुक्त, उत्तर प्रदेश शासन, अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग तथा प्रमुख सचिव, कृषि सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
इस सेमिनार एवं एक्सपो में उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़े उद्यमी, निवेशक, कृषक उत्पादक संगठन (FPO), खाद्य प्रसंस्करण संयंत्र एवं मशीनरी निर्माता, स्टार्ट-अप्स, तकनीकी विशेषज्ञ एवं उद्योग प्रतिनिधि सहभागिता करेंगे।
कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार की खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित योजनाओं—प्रधानमंत्री किसान संपदा योजना (PMKSY), प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME), फूड पार्क योजनाएं तथा फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री पॉलिसी 2023 की विस्तृत जानकारी एवं प्रदर्शनी शामिल है। इसके साथ ही खाद्य प्रसंस्करण मशीनरी, नवीन तकनीकों एवं उत्पादों की तीन दिवसीय प्रदर्शनी, उद्योग स्थापना पर विशेषज्ञों द्वारा संबोधित तकनीकी सेमिनार तथा देश-प्रदेश के प्रमुख व्यंजनों का आकर्षक फूड कोर्ट भी लगाया जाएगा।
यह आयोजन उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देशों के क्रम में किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को बढ़ावा देना है। एक्सपो के माध्यम से किसानों और उद्यमियों को सरकार द्वारा खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों की स्थापना हेतु उपलब्ध सुविधाओं, अनुदान एवं सब्सिडी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त होगी, जिससे राज्य में निवेश, रोजगार और कृषि आधारित उद्योगों को नई गति मिलने की उम्मीद है।































Comments