प्रयागराज में मुख्यमंत्री योगी ने किया संगम स्नान, मां गंगा की आरती और बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन
जनपत की खबर Jan 10, 2026 at 05:35 PM , 95प्रयागराज।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को प्रयागराज दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने माघ मेले से जुड़े विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता की। मुख्यमंत्री ने त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान किया, विधिवत पूजन-अर्चन कर मां गंगा की आरती उतारी और माघ मेले की सफलता की कामना की।
मुख्यमंत्री माघ मेले में वीआईपी घाट से बोट के माध्यम से संगम नोज पहुंचे। बोट यात्रा के दौरान उन्होंने यमुना नदी में कलरव कर रहे पक्षियों को दाना खिलाया। संगम नोज पर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने माघ मास में पवित्र स्नान किया तथा वैदिक विधि से पूजन-अर्चन कर मां गंगा के चरणों में शीश नवाया। इसके बाद उन्होंने बोट में बैठकर ही मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया और आमजन का अभिवादन स्वीकार किया।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हनुमान कॉरिडोर का निरीक्षण किया और बड़े हनुमान मंदिर पहुंचकर ‘संकट मोचक’ के चरणों में शीश झुकाया। उन्होंने हनुमान जी के समक्ष बैठकर दर्शन-पूजन किया तथा आरती उतारकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर धार्मिक कार्यक्रमों में संतोषाचार्य जी महाराज उर्फ ‘सतुआ बाबा’, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और नंदगोपाल गुप्ता ‘नंदी’, विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह, हर्षवर्धन वाजपेयी तथा पूर्व सांसद विनोद सोनकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।































Comments