चक अमावा के जंगल में महिला का अर्धनग्न शव मिलने से सनसनी, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
राष्ट्रीय Jan 09, 2026 at 07:30 PM , 92लखनऊ।
राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चक अमावा गांव के जंगल में एक महिला का अर्धनग्न अवस्था में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह जंगल की ओर गए ग्रामीणों ने शव देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही बंथरा थाना पुलिस, उच्चाधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महिला का शव जिस हालत में मिला है, उसे देखते हुए दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, साथ ही मोबाइल सर्विलांस और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं, ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।
पुलिस के अनुसार मृत महिला की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है। अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला की उम्र करीब 25 से 35 वर्ष के बीच हो सकती है। आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है।
बंथरा थाना प्रभारी का कहना है कि “मामला गंभीर है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। हर पहलू पर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।” इस घटना के बाद से चक अमावा और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है और वे जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।































Comments