KGMU लखनऊ का 21वां दीक्षांत समारोह सम्पन्न, जेपी नड्डा बोले—भारत आज वैश्विक स्वास्थ्य नेतृत्वकर्ता

जनपत की खबर , 130

लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU), लखनऊ का 21वां दीक्षांत समारोह अटल बिहारी वाजपेयी वैज्ञानिक कन्वेंशन सेंटर में भव्य रूप से आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने की।
दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज स्वास्थ्य के क्षेत्र में विश्व का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, संस्थानों और डिजिटल सुविधाओं के कारण भारत न केवल देश बल्कि विदेशों की स्वास्थ्य आवश्यकताओं को भी पूरा कर रहा है। कोविन प्लेटफॉर्म और डिजिटल वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट को उन्होंने बदलते भारत और डिजिटल इंडिया का उदाहरण बताया।
श्री नड्डा ने प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना को विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना बताते हुए कहा कि इसके अंतर्गत 62 करोड़ लोगों को ₹5 लाख तक का स्वास्थ्य कवरेज प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों को, बिना किसी भेदभाव के, आजीवन स्वास्थ्य सुरक्षा दी जा रही है।
मेडिकल शिक्षा में हो रहे विस्तार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जहां पहले देश में केवल एक एम्स और 387 मेडिकल कॉलेज थे, वहीं आज 23 एम्स और 819 मेडिकल कॉलेज हैं। एमबीबीएस और पीजी सीटों में भी ऐतिहासिक वृद्धि हुई है तथा 2029 तक 75 हजार अतिरिक्त मेडिकल सीटें जोड़ने का लक्ष्य है।
इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री श्री पंकज चौधरी ने KGMU को Institute of National Importance का दर्जा दिए जाने का आग्रह किया।
समारोह में विभिन्न पाठ्यक्रमों से उत्तीर्ण 2,441 छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान की गईं। 81 छात्र-छात्राओं एवं एक संकाय सदस्य को उत्कृष्ट शैक्षणिक, चिकित्सकीय एवं शोध उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार प्रो. अजय कुमार सूद को डॉक्टर ऑफ साइंस की मानद उपाधि प्रदान की गई।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश कुमार पाठक, राज्य मंत्री श्री मायंकश्वर शरण सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कुलपति द्वारा विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और शपथ ग्रहण के साथ समारोह सम्पन्न हुआ।

Related Articles

Comments

Back to Top