मुख्य निर्वाचन अधिकारी की अपील: विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण में सक्रिय सहयोग दें मतदाता

जनपत की खबर , 135

लखनऊ, 23 नवम्बर, 2025।

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रदेशवासियों से विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदाता को अपने संबंधित गणना प्रपत्र को सही ढंग से भरकर हस्ताक्षर सहित 4 दिसंबर तक अपने मतदेय स्थल के बूथ लेवल अधिकारी (BLO) को उपलब्ध कराना अनिवार्य है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 में तैयार मतदाता सूची में अपना या अपने संबंधी का विवरण खोजने के लिए मतदाता https://voters.eci.gov.in पोर्टल पर जाकर Search Your Name in Last SIR विकल्प का उपयोग कर सकते हैं। Search by Elector Details टैब के माध्यम से वे आसानी से अपनी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यदि 2002–2004 के बीच मतदाता किसी अन्य राज्य में रहा हो, तो उस अवधि में वहाँ तैयार हुई SIR सूची भी इसी पोर्टल पर उपलब्ध है। गणना प्रपत्र ऑनलाइन भरने की सुविधा भी पोर्टल पर दी गई है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पोर्टल के माध्यम से मतदाता अपना ईपीआईसी नंबर दर्ज कर अपने BLO का नाम व मोबाइल नंबर प्राप्त कर सकते हैं तथा Book a call with your BLO सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इस सुविधा के उपयोग पर संबंधित BLO को नोटिफिकेशन भेजा जाता है और उसे 48 घंटे के भीतर मतदाता को वापस कॉल करना होता है।

उन्होंने जानकारी दी कि मतदाताओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन 1950 पर कॉल करने की सुविधा उपलब्ध है। जिला संपर्क केंद्र पर मौजूद प्रशिक्षित कर्मी मतदाताओं की शंकाओं का समाधान करते हैं और आवश्यकतानुसार शिकायत भी दर्ज करते हैं। नगरीय क्षेत्रों में अधिक से अधिक हेल्प डेस्क स्थापित करने तथा इन केंद्रों पर प्रशिक्षित स्टाफ तैनात करने के निर्देश सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और नगर आयुक्तों को दिए गए हैं।

रिणवा ने बताया कि अब तक प्रदेश में 3 करोड़ से अधिक गणना प्रपत्रों का संग्रह और डिजिटाइजेशन BLO द्वारा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में BLO प्रायः स्थानीय कर्मचारी नहीं होते, जिससे उनका कार्य अपेक्षाकृत कठिन हो जाता है। ऐसे में रेज़ीडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों से अपील है कि वे अपने क्षेत्र के BLO को सहयोग दें।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उनके ज़िले का कोई भी गाँव, मजरा, मोहल्ला, कॉलोनी या बस्ती गणना प्रपत्र वितरण से छूटने न पाए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को विभिन्न स्रोतों से फीडबैक लेकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि BLO का भ्रमण पूर्ण रूप से किया गया हो। सभी जिलों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर SIR प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top