यू०पी० दिवस के अवसर पर लांच होगा देश का सबसे बड़ा 'मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान'
अन्य खबरे Jan 03, 2025 at 06:52 PM , 515• ऑन-लाइन आवेदन करेगें अभ्यर्थी, प्रोजेक्ट के सम्बन्ध में जानकारी की सुविधा https://msme.up.gov.in/ पर उपलब्ध ।
• एक लाख प्रतिवर्ष, 10 वर्षों में 10 लाख उद्यमी बनाने का लक्ष्य ।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अगले 10 वर्षों में प्रदेश के 10 लाख युवाओं को स्वयं का उद्यम लगाने हेतु 'मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान' लाया गया है, जिसकी लांचिंग मुख्यमंत्री योगी जी 24 जनवरी, 2024 को यू०पी० दिवस के अवसर पर करेंगे। इस अवसर पर 25,000 लाभार्थियों को ऋण वितरण कराते हुये अभियान लांच कराया जायेगा। अभियान में युवाओं को उद्यम लगाने हेतु ब्याज मुक्त ऋण दिया जायेगा।
लांचिंग की तैयारियों की समीक्षा के लिये दिनांक 03.01.2025 को कैसरबाग स्थित निर्यात भवन सभागार में सहयोगी बैंको के राज्य प्रमुखों एवं एस.एल.बी.सी. के अधिकारियों साथ प्रमुख सचिव, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गयी जिसमें अभियान के मिशन निदेशक, एन.आई.सी. व सम्बन्धित सहयोगी संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
बैठक में अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिये प्रमुख सचिव द्वारा प्रत्येक शुक्रवार को बैंकों व अन्य स्टेक होल्डर्स के साथ समीक्षा बैठक करने के निर्देश दिये गये। बैंकों को अभियान की सफलता हेतु डेडिकेटेड नोडल अधिकारी रखे जाने के भी निर्देश हुये। योजना का प्रदेश में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों का सहयोग प्राप्त कर अधिकाधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ कर आत्मनिर्भर बनाया जायेगा। लाभार्थियों के लिये फ्यूचर रेडी, इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स की शेल्फ तैयार की जायेगी। जिला उद्योग केन्द्रों तथा बैंकों के अधिकारियों को इस अभियान के व्यापक प्रसार के लिये विभाग द्वारा क्षमता वृद्धि प्रशिक्षण भी दिलाया जायेगा।
अभियान के अन्तर्गत कौशल प्रशिक्षित, न्यूनतम कक्षा 8 उत्तीर्ण, 21 से 40 वर्ष के युवाओं को बिना ब्याज, बिना गारण्टी ऋण प्राप्त करने हेतु https://msme.up.gov.in/ पर ऑन-लाइन रूप से आवेदन करना होगा। इन ऑन-लाइन प्राप्त आवेदन पत्रों को बैंको को ऑन-लाइन रूप से ऋण स्वीकृति / वितरण हेतु प्रेषित किया जाएगा। बैंकों द्वारा ऑन-लाइन ऋण वितरित करते हुये लाभार्थी को देय ब्याज उपादान, मार्जिन मनी, उपादान, गारण्टी फीस आदि ऑन-लाइन रूप से प्राप्त की जायेगी। लाभार्थी को प्रत्येक स्तर पर एस०एम०एस० के माध्यम से सूचित किया जायेगा। एम.एस.एम.ई. विभाग द्वारा विकसित इस पोर्टल पर न केवल निःशुल्क लगभग 400 परियोजना रिपोर्ट व लगभग 600 बिजनेस आइडिया उपलब्ध है बल्कि विभिन्न परियोजनाओं की स्थापना व संचालन के सम्बन्ध में विडियोंज व एक्सपर्ट का गाइडेंस भी उपलब्ध है। इन सभी सुविधाओं को पोर्टल पर सिर्फ एक क्लिक के माध्यम से प्राप्त कर लाभान्वित हुआ जा सकता है। प्रमुख सचिव द्वारा प्रदेश के शिक्षित युवाओं का आहवान किया गया कि इस पोर्टल को विजिट कर अपना उद्यम स्थापित करें एवं स्वंय को रोजगार प्रदान करने के साथ-साथ दूसरों को भी रोजगार दें।



























Comments