देश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था में गौ-आधारित कृषि का महत्वपूर्ण योगदान -श्री धर्मपाल सिंह
अन्य खबरे Nov 21, 2023 at 05:30 PM , 412पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने कृष्ण गोपाष्टमी और
अक्षय नवमी पर गौ-पूजन किया
गौशाला में गायों को हरा चारा और गुड़ खिलाया
लखनऊ: 21 नवम्बर, 2023
उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री श्री धर्मपाल सिंह ने आज यहां लखनऊ के बंथरा स्थित तपोभूमि गुरुकुल वैदिक संस्कृत विद्यालय, पहाड़पुर में कृष्ण गोपाष्टमी संदर्भ और अक्षय नवमी के पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होकर विधि विधान से गो पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने गायों को हरा चारा और गुड़ खिलाया। उन्होंने परिसर में संचालित गौशाला की व्यवस्था की प्रशंसा की और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं हेतु सरकार से सहयोग दिलाने का आश्वासन भी दिया।
पशुधन मंत्री श्री धर्मपाल सिंह ने विद्यालय के छात्रों का मार्गदर्शन किया और भारतीय संस्कृति और यहॉ की गौरवशाली परंपरा को शिक्षा के रूप में ग्राह्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि देश की सनातन परम्परा में कृषि, ऋषि और गाय का महत्वपूर्ण स्थान है। गाय हमारी आर्थिक ऊर्जा का स्रोत है, ऋषि और कृषि जीवन यापन, व्यवस्था, आस्था एवं सभ्यता के द्योतक हैं। इसलिए वर्तमान परिस्थितियों में देश की उन्नति एवं प्रगति में गौ आधारित कृषि का महत्वपूर्ण योगदान है। गाय एवं कृषि एक दूसरे के पूरक हैं। पशुधन मंत्री ने कहा कि ’’गावो विश्वस्य मातरः’’ अर्थात गाय सम्पूर्ण विश्व की माता है, इसलिए हम सबको गौ माता की सेवा का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के आयोजनकर्ता आचार्य सप्तऋषि मिश्र ने आशीर्वचन देने के लिए मंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में स्वामी कमलानंद जी (पूर्व आई0ए0एस0 श्री कमल टावरी), श्री दंडी स्वामी जी, श्री राम महेश मिश्रा, समाजसेवी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।



























Comments