पीजीआई क्षेत्र में 40 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही अवैध प्लाटिंग पर एलडीए ने चलाया बुलडोजर

अन्य खबरे , 291

लखनऊ।

 

- निशातगंज और नाका में पांच मंजिला अपार्टमेंट समेत दो अवैध निर्माणों को एलडीए के दस्ते ने किया सील 

- लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 एवं प्रवर्तन जोन-6 की टीम ने की कार्यवाही 

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध निर्माण/प्लाटिंग के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में बुधवार को एलडीए के प्रवर्तन दस्ते ने पीजीआई थानाक्षेत्र के सरथुवा में लगभग 40 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की। वहीं, निशातगंज और नाका में पांच मंजिला अपार्टमेंट समेत दो अवैध निर्माण सील किये गये। 

प्रवर्तन जोन-2 की जोनल अधिकारी प्रिया सिंह ने बताया कि अशोक कुमार गुप्ता, जय प्रकाश  यादव, नरेन्द्र यादव, सुनील कुमार राजपूत, नन्द किशोर व अन्य द्वारा पीजीआई थानाक्षेत्र के सरथुवा में वृंदावन क्रासिंग के पास लगभग 40 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए स्मार्ट सिटी (राजघराना) नाम से कालोनी विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण से तपलट मानचित्र स्वीकृत कराये बिना की जा रही इस अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे। 

उक्त आदेश के अनुपालन में आज सहायक अभियंता वाई0पी0 सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता नागेन्द्र मिश्रा व उस्मान अली द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गयी। इस दौरान स्थल पर विकसित की गयी सड़कें, नाली, सीवर, बिजली के खम्भे व बाउन्ड्रीवाॅल आदि को ध्वस्त किया गया। जोनल अधिकारी ने बताया कि बीते दिनों हुई भारी बारिश के कारण स्थल पर काफी हिस्से में जलभराव था, जिसके चलते ध्वस्तीकरण की कार्यवाही पूरी तरह नहीं करायी जा सकी। इसके लिए पुनः अभियान चलाकर अवशेष हिस्सों में ध्वस्तीकरण की कार्यवाही करायी जाएगी।

 

पांच मंजिला अपार्टमेंट समेत दो अवैध निर्माण सील किये गये 

प्रवर्तन जोन-6 के जोनल अधिकारी डी0के0 सिंह ने बताया कि मिर्जा आफताब हैदर व अन्य द्वारा निशातगंज के न्यू हैदराबाद में काॅल्विन कॉलेज के पास भूखण्ड संख्या-411(पार्ट) पर लगभग 335 वर्गमीटर क्षेत्रफल में स्वीकृत एकल आवासीय मानचित्र के विपरीत निर्माण कार्य करते हुए पांच मंजिला अपार्टमेंट का निर्माण कराया गया था। वर्तमान में पांचवी मंजिल पर पेंट हाउस का निर्माण करते हुए फिनिशिंग का कार्य कराया जा रहा था।

इसके अलावा ओंकार सिंह पुत्र करतार सिंह व अन्य द्वारा नाका के मोती नगर में रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम के सामने भूखण्ड संख्या-379बी, पार्ट पर लगभग 1500 वर्गफिट क्षेत्रफल में बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण कार्य कराया जा रहा था। उक्त दोनों प्रकरण में विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे। जिसके अनुपालन में आज सहायक अभियंता लल्लन प्रसाद के नेतृत्व में अवर अभियंता इम्तियाज अहमद व शिव कुंवर द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से दोनों अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया।

Related Articles

Comments

Back to Top