दुधवा में बाघिन की मौत, आपसी लड़ाई से गई जान
लखीमपुर खीरी May 05, 2026 at 07:51 PM , 61लखीमपुर खीरी। दुधवा टाइगर रिजर्व के उत्तर खीरी वन प्रभाग की मझगई रेंज में मंगलवार सुबह एक बाघिन का शव मिलने से हड़कंप मच गया। वन विभाग को सुबह करीब छह बजे सूचना मिली कि जंगल में बाघिन मरी पड़ी है।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम के साथ पशु डॉक्टर भी पहुंचे। घटनास्थल की जांच की गई। बाघिन के शरीर पर कई जगह गहरे घाव मिले। शरीर पर बाल चिपके हुए थे और दांत के निशान भी साफ दिख रहे थे।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि निशान देखकर लगता है कि बाघिन की मौत किसी दूसरे बाघ से हुई लड़ाई में हुई है। जंगल में अक्सर इलाके को लेकर बाघों में लड़ाई होती रहती है। माना जा रहा है कि इसी आपसी संघर्ष में बाघिन घायल हो गई और उसकी मौत हो गई।
नियम के अनुसार शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा।
घटना के बाद वन विभाग ने आसपास के इलाके में गश्त बढ़ा दी है। कैमरा ट्रैप से भी नजर रखी जा रही है ताकि पता चल सके कि लड़ाई किस बाघ से हुई थी। अधिकारियों ने बताया कि दुधवा में बाघों की संख्या अच्छी है। ऐसे में कभी-कभी इलाके को लेकर आपसी संघर्ष की घटनाएं सामने आती हैं।































Comments