मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में व्यापार संगठनों के पदाधिकारियों के साथ संवाद किया
जनपत की खबर Jul 30, 2023 at 08:15 PM , 216प्रदेश सरकार विगत 06 वर्षों से व्यापारियों को सुरक्षा और सुविधा
देने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही, जिसके कारण गोरखपुर
समेत पूरे प्रदेश में व्यापार समृद्ध हुआ : मुख्यमंत्री
राज्य सरकार गोरखपुर को मॉडल सेफ सिटी के
रूप में विकसित कर रही, ऑपरेशन त्रिनेत्र में व्यापारियों की भागीदारी सराहनीय
जनपद गोरखपुर में आवासीय, व्यापारिक और औद्योगिक आकर्षण विकसित हो रहा
कालेसर और जगदीशपुर में बड़े वेयरहाउस बनाए जाएंगे
अधिकारीगण व्यापारियों के साथ नियमित संवाद कर उनकी समस्याओं
का त्वरित निस्तारण करें, व्यापारियों के कल्याणार्थ चल रही
योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये
लखनऊ : 30 जुलाई, 2023
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज गोरखपुर में व्यापार संगठनों के पदाधिकारियों के साथ संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारियों को सुरक्षा और सुविधा देने के लिए संकल्पित है। राज्य सरकार विगत 06 वर्षों से इस संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है, जिसके कारण जनपद गोरखपुर समेत पूरे प्रदेश में व्यापार समृद्ध हुआ है।
मुख्यमंत्री जी ने उपस्थित व्यापारियों से परिचय प्राप्त किया और उनकी समस्याएं व सुझाव जानने के बाद उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गोरखपुर को एक मॉडल सेफ सिटी के रूप में विकसित कर रही है। गोरखपुर में सेफ सिटी के सम्बन्ध में ऑपरेशन त्रिनेत्र में व्यापारियों की भागीदारी सराहनीय रही है। सुरक्षित माहौल कारोबारी सुगमता का आधार है। इसलिए राज्य सरकार सभी नगर निगमों को सेफ सिटी के रूप में आगे बढ़ा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनपद गोरखपुर में आवासीय, व्यापारिक और औद्योगिक आकर्षण विकसित हो रहा है। दवा व किराना मंडी के पारम्परिक स्थलों पर भीड़भाड़ जैसी समस्याओं का भी समाधान जल्द से जल्द किया जायेगा। कालेसर और जगदीशपुर को नए व्यावसायिक स्थल के रूप में विकसित करने के साथ शहर में पहले से कारोबार कर रहे व्यापारियों के लिए इन दोनों स्थानों पर बड़े-बड़े वेयरहाउस बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आप लोगों ने विगत 06 वर्षों में बदलते गोरखपुर को देखा है, जहां लोग निवेश से कतराते थे, वह अब निवेश का पसंदीदा गंतव्य स्थल बन गया है। जनपद गोरखपुर में सड़क कनेक्टिविटी, शानदार एयर कनेक्टिविटी, सुदृढ़ कानून-व्यवस्था व विकास की प्रक्रिया के साथ व्यापार भी तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने प्रशासन व पुलिस के उच्च अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि व्यापारियों के साथ नियमित संवाद कर उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाए। साथ ही, व्यापारियों के कल्याणार्थ चल रही योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये।
मुख्यमंत्री जी के साथ संवाद में व्यापारियों ने अपनी बातें रखीं और कहा कि अब जनपद गोरखपुर की तस्वीर बदल रही है। सुरक्षा का माहौल मिलने से व्यापारिक प्रगति निरंतर तीव्र हुई है।
बैठक में जनप्रतिनिधिगण, व्यापार संगठनों के पदाधिकारी तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
-------































Comments