प्रदेश सरकार की मंशानुसार परिवहन विभाग कर रहा है अवैध संचालन के खिलाफ कार्रवाई

अन्य खबरे , 266

प्रवर्तन टीम के अधिकारी अनलोडेड वाहनों की भी अभियान के तहत करें जांच

जांच में बिना एचएसआरपी, गलत नम्बर प्लेट इत्यादि को करें शामिल-परिवहन आयुक्त

लखनऊ: दिनांक: 16 जून, 2023


परिवहन आयुक्त श्री चन्द्रभूषण सिंह ने सभी संभागीय/उप संभागीय परिवहन अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि ऐसे माल यानों को भी चेक किया जाय, जिनमें किसी भी प्रकार का लदान न हो। उन्होंने कहा कि वर्तमान में माल यानों में क्षमता से अधिक भार लादने वाले यानों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में अनलोडेड वाहनों की चेकिंग को भी शामिल किया जाय।
परिवहन आयुक्त ने कहा कि अभियान में ऐसे वाहनों की फिटनेस परमिट, हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट/गलत नम्बर प्लेट तथा टैक्स आदि की जांच की जाय। उन्होंने कहा कि मुख्यालय पर शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि ऐसे वाहनों को प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा चेक नहीं किया जाता है, जिसके कारण कहीं न कहीं ऐसे वाहन प्रवर्तन कार्यवाही से बचे रहते हैं।
परिवहन आयुक्त ने बताया कि प्रदेश सरकार की मंशानुसार ओवरलोड मालयानों की चेकिंग का अभियान चलाया जा रहा है। प्रवर्तन टीमें लगातार ऐसे वाहनों की चेकिंग कर रही है। उन्होंने कहा कि माननीय परिवहन मंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि ओवरलोडिंग को हर हाल में रोका जाय। साथ ही ऐसे वाहनों की भी जांच की जाय जो बिना एचएसआरपी के चल रहे हैं अथवा नम्बर प्लेट गलत लगाकार या नम्बर प्लेट छुपाकर चल रहे हैं।
परिवहन आयुक्त ने बताया कि इस प्रकार के संचालन से राजस्व की हानि एवं अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है। ऐसे गतिविधियों को किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जायेगा और ऐसे वाहन स्वामियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जायेगी। बार-बार ऐसी गतिविधियों में संलिप्त वाहनों का परमिट भी निरस्त किया जा सकता है।

Related Articles

Comments

Back to Top