*भावी सियासत का संकेत है शिवपाल का ताजा बयान, सपा से बनाएंगे दूरी*

जनपत की खबर , 531

लखनऊ। 
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन को धर्मनिरपेक्ष बताते हुए उसके सहित अन्य छोटे दलों से गठबंधन करने का एलान कर भावी सियासत का संकेत दे दिया है।


ये भी साफ  कर दिया है कि 2022 के विधानसभा चुनाव के मैदान में प्रसपा का झंडा और उम्मीदवार कई सीटों पर रहेंगे। अखिलेश के प्रस्ताव के अनुसार, शिवपाल सिर्फ  जसवंतनगर सीट तक सीमित रहकर संतुष्ट होने वाले नहीं हैं। 
दरअसल, शिवपाल की सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर से मुलाकात और ओवैसी से 2022 को लेकर बातचीत की स्वीकारोक्ति यह बताने के लिए पर्याप्त है कि वे प्रदेश में एक अलग मोर्चे पर काम कर रहे हैं। अगर उन्हें सपा से ही मिलकर चुनाव लड़ना होता तो वे मोर्चा बनाने की कवायद में क्यों जुटते? यह बात इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि राजभर व अखिलेश का साथ छूट चुका है जबिक ओवैसी और अखिलेश लगातार एक-दूसरे के खिलाफ  बयानबाजी करते रहे हैं। ऐसे में अगर शिवपाल इन नेताओं से बातचीत कर रहे हैं तो साफ  है कि सपा को लेकर वे बहुत उत्सुक नहीं है। इसलिए वे अपनी ताकत बनाए रखना चाहते हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top