पर्यटन मंत्री ने बर्ड एण्ड नेचर फेस्टिवल-2023 के ‘लोगो’ का किया अनावरण

अन्य खबरे , 291

स्वच्छ पर्यावरण के लिए पशु-पक्षियों का संरक्षण जरूरी-जयवीर सिंह
1090 चौराहे से प्राणि उद्यान लखनऊ तक बर्ड एण्ड नेचर फेस्टिवल-2023 प्री-इवेंट वाकाथन रैली को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
लखनऊ : दिनांक : 30 जनवरी, 2023
उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री श्री जयवीर सिंह ने कहा है कि जलवायु परिवर्तन एवं बढ़ते प्रदूषण के कारण प्रकृतिक संसाधनों पर दबाव बढ़ता जा रहा है। इसके अलावा प्राकृतिक जलस्रोत जैसे-नदी, तालाब, पोखर आदि में मानव के लगातार बढ़ते हस्तक्षेप के कारण जलचर एवं पशु-पक्षी कम होते जा रहे हैं। पशु-पक्षियों के संरक्षण के लिए पोखर एवं तालाबों को पुनर्जीवित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कई दशक पहले गावों में पक्षियों की भरमार रहती थी, लेकिन लगातार प्राकृतिक छेड़छाड़ के कारण इनकी संख्या लागातार घटती जा रही है। मनुष्य के अस्तित्व के लिए प्राकृतिक संरक्षण जरूरी है। 
पर्यटन मंत्री श्री जयवीर सिंह आज राणा प्रताप मार्ग, लखनऊ स्थित वन विभाग के अरण्य भवन के सभागार में बर्ड फेस्टिवल के ‘लोगो’ के अनावरण एवं उसके थीम के बारे में मीडिया को जानकारी दे रहे थे। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव काल के दौरान राज्य सरकार प्राकृतिक संरक्षण के लिए गांव में स्थित तालाबों का सौन्दर्यीकरण एवं संरक्षण करा रही है। 
पर्यटन मंत्री ने कहा कि पक्षियों के संरक्षण के लिए एनजीटी और पर्यावरण मंत्रालय भारत सरकार द्वारा गाइड लाइन्स जारी की गई है। उन्होंने कहा कि कीटनाशकों के प्रयोग एवं बढ़ते प्रदूषण के कारण पक्षियों की कई दुलर्भ प्रजातियां विलुप्ति के कगार पर पहुंच गयीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रकृति के साथ लोगों का जुड़ाव हो सके, इसके लिए हर स्तर पर प्रयास करने की आवश्यकता है। 
मा0 प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा एवं मा0 मुख्यमंत्री जी के कुशल निर्देशन में प्रकृतिक क्षेत्रों को क्षति पहुंचाये बगैर इको पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इको टूरिज्म बोर्ड का गठन किया गया है। इस बोर्ड में 10 विभागों को जोड़कर पर्यावरण संरक्षण के माध्यम से पर्यटन को बढ़ावा देने की रणनीति बनाई गई है। उत्तर प्रदेश में प्राकृतिक वातावरण सृजित कर पंचकर्म (आयुष) के साथ जोड़कर पर्यटन को बढ़ावा दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि केरल की भांति उत्तर प्रदेश में भी पंचकर्म को बढ़ावा दिया जायेगा।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव वन, एवं पर्यावरण श्री मनोज सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्रीमती ममता संजीव दुबे, महानिदेशक वन श्री चन्द्र प्रकाश गोयल, इको-टूरिज्म बोर्ड के निदेशक श्री प्रखर मिश्रा के अलावा श्री मुकेश सिंह, इण्डो अमेरिका चेम्बर ऑफ कामर्स के चेयर मैन उपस्थित थे।
इसके पूर्व आज प्रातः 07ः45 बजे 1090 चौराहे से प्राणि उद्यान तक बर्ड एण्ड नेचर फेस्टिवल-2023 प्री-इवेंट वाकाथन रैली का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 500 से अधिक लोग शामिल थे। पर्यटन मंत्री श्री जयवीर सिंह ने इस रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पर्यावरण, वन, जलवायु परिवर्तन एवं जन्तु उद्यान राज्यमंत्री श्री के0पी0 मलिक भी मौजूद थे। उन्होंने साथ चलकर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। इस रैली में पद्म श्री ओलम्पिक विजेता सुधा सिंह (एथलीट), सामाजिक कार्यकर्ता अपर्णा यादव, पद्म श्री मालनी अवस्थी के अलावा कई विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं आईटीवीपी के जवान भी शामिल थे।

Related Articles

Comments

Back to Top