उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने किया लोकबंधु में सिटी स्कैन मशीन का शुभारंभ

जनपत की खबर , 276

रोगियों को मुफ्त सीटी स्कैन जाँच की सुविधा मुहैया कराई जायेगी
प्रदेश के 62 जिलास्तरीय अस्पतालों में मुफ्त सीटी स्कैन जाँच की सुविधा

लखनऊ। 6 दिसंबर
प्रदेश में ब्रेन की बीमारियों से पीड़ितों की जाँच आसान होगी। समय पर जाँच होने से रोगियों का बेहतर इलाज हो सकेगा। इसके लिए सभी जिलास्तरीय अस्पतालों में सीटी स्कैन मशीन लगाने की प्रक्रिया चल रही है। अभी 62 अस्पतालों में सीटी स्कैन मशीन लगाई जा चुकी है। जल्द ही बाकी जिलों के अस्पतालों में मशीन लगाई जायेगी। यह बातें उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कही।
उप मुख्यमंत्री ने मंगलवार को आशियाना स्थित लोकबंधु राजनारायण अस्पताल में सिटी स्कैन मशीन का शुभारंभ किया। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में मुफ्त सीटी स्कैन जाँच की सुविधा रोगियों को उपलब्ध कराई जा रही है। लखनऊ के लोहिया, सिविल व लोकबंधु अस्पताल में मुफ्त सीटी स्कैन जाँच की सुविधा हो गई है। दो से तीन घंटे में मरीजों को रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई जायेगी। ताकि रोगियों का इलाज जल्द से जल्द शुरू हो सके। उन्होंने कहा कि मरीजों के हितों के लिए प्रदेश सरकार लगातार कदम उठा रही है। इस मौके पर अस्पताल की निदेशक डॉ. दीपा त्यागी, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

सुविधाओं के विस्तार के सरकार तत्पर
लोकबंधु अस्पताल में सुविधाओं के विस्तार में कभी धन की कमी नहीं आने दी जायेगी। अस्पताल प्रशासन प्रस्ताव बनाकर लाये। नई सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए सरकार हमेशा तत्पर है। बजट की भी कोई कमी नहीं है। 

डॉक्टर-कर्मचारियों को दी नसीहत
उप मुख्यमंत्री ने डॉक्टर व कर्मचारियों को नसीहत दी। कहा डॉक्टर व कर्मचारी मेहनत से काम करें। क्योंकि अस्पताल में परेशान रोगी आते हैं। उन्हें सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लाभ मिलना चाहिए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही ठीक नहीं होगी।

नियमित राउंड लें
लोकबंधु अस्पताल में 318 बेड हैं। ऐसे में सभी डॉक्टरों की जिम्मेदारी है कि वे रोगियों की देखभाल अच्छी तरह से करें। सुबह और शाम को जरूर राउंड लें। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि भर्ती रोगियों की सेहत की निगरानी करें। सुबह आठ बजे से ओपीडी का संचालन हो जाये। ताकि मरीजों को आसानी से इलाज मिल सके।

दवाओं की कमी न होने दें
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पताल दवाओं के लिए बफर्र सिस्टम विकसित करें। दो से तीन माह का स्टॉक बनाये। जिन दवाओं की एक्सपायरी डेट नजदीक हो उनकी खपत प्राथमिकता के आधार पर करें।

जल्द खुलेगा ब्लड बैंक
उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि अस्पताल में जल्द ही ब्लड बैंक की सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी। इसकी प्रक्रिया आखिरीदौर में है। इससे मरीजों को खून के लिए दूसरे अस्पतालों तक दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। मैं खुद इस प्रोजेक्ट की निगरानी कर रहा हूँ।

Related Articles

Comments

Back to Top