हाई स्कूल की टॉपर चांदनी ने वर्दी पहन कुर्सी पर बैठ चुटकियों में समस्याएं निस्तारित कीं
जनपत की खबर Oct 24, 2020 at 07:33 PM , 449लखनऊ। राजधानी स्थित मलिहाबाद के सब्जी विक्रेता राकेश कुमार की बीटिया चांदनी ने दो घंटे की कोतवाल बन ऐसा प्रकाश बिखेरा कि कई फरियादियों के आंखों में चमक आ गई। हाई स्कूल की टॉपर चांदनी ने वर्दी पहन कुर्सी पर बैठ चुटकियों में समस्याएं निस्तारित कीं। भाई रामकृष्ण को दुर्घटना में घायल करने का मामला दर्ज कराने के लिए कई दिन से कोतवाली के चक्कर काट रहे रहीमाबाद निवासी हरिकृष्ण को भी राहत मिली। चांदनी ने उनकी फरियाद सुन तत्काल एफआइआर के निर्देश दिए।कुछ बेटियों की समस्याएं सुनीं। साथ ही यह भी कहा कि महिलाओं की समस्याएं सुन उनका निस्तारण करने से बहुत सुकून मिला। बताया कि पुलिस अफसर बनकर महिलाओं के मामले प्राथमिकता पर देखेंगी। दरअसल, शनिवार को चांदनी को दो घंटे के लिए मलिहाबाद कोतवाल बनाया गया था। प्रभारी बनने के बाद चांदनी एक प्रशिक्षित कोतवाल की तरह कार्य करती हुईं दिखीं। थाने में एफआइआर दर्ज करने से लेकर अपराध रजिस्टर, बीट रजिस्टर, शास्त्रागार, मालखाना, महिला हेल्प डेस्क सहित कोतवाली परिसर की साफ-सफाई और रखरखाव का निरीक्षण भी किया। जिम्मेदारों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। साथ ही महिला सिपाहियों को ड्यूटी के प्रति समर्पित और वफादार रहने का पाठ पढ़ाया।महिलाओं के प्रति अपराध में सक्रियता बरतने के लिए निर्देश दिए। चांदनी ने अपना अनुभव साझा कर बताया कि दो घंटे का प्रभारी बनने पर उसे आज बहुत खुशी हुई। इसके साथ ही महिलाओं से अपील की कि उन्हें डर और संकोच छोड़कर जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद लेनी चाहिए। पुलिस 24 घंटे महिलाओं की समस्या निस्तारण के लिए तत्पर हैं। कहीं से भी 1090,1076 या 112 नंबर मिलाकर शिकायत कर सकती हैं।सीओ योगेंद्र सिंह ने बताया कि महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य को लेकर यह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिससे महिलाओं में झिझक और संकोच को समाप्त किया जा सके। वह अपनी बात एक निश्चित प्लेटफार्म तक पहुंचा सके।































Comments