सीएम योगी आदित्यनाथ ने विजयादशमी पर्व की दीं शुभकामनाएं

जनपत की खबर , 384

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को विजयादशमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। सीएम योगी ने कहा कि दशहरा का पर्व अधर्म पर धर्म, बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। इस दिन भगवान श्रीराम ने रावण का संहार किया था। सम्पूर्ण भारत में यह पर्व परम्परागत श्रद्धाभाव एवं हर्षाेल्लास के साथ मनाया जाता है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम सत्य, मर्यादा, न्याय, शांति, परोपकार और लोक कल्याण हेतु समर्पित थे। नैतिक, मानवीय और सामाजिक मूल्यों के प्रतीक मर्यादा परुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन सद्मार्ग पर चलने एवं आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा प्रदान करता है। विजयादशमी का पर्व हमें आशा, उत्साह और ऊर्जा के साथ अपने लक्ष्य को प्राप्त करने का संदेश देता है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विजयादशमी के दिन मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम ने आतंक, अन्याय एवं अधर्म के पर्याय रावण पर विजय प्राप्त की थी। विजयादशमी शक्ति उपासना का उत्सव है। नवरात्रि के नौ दिन जगदम्बा की उपासना करके भक्तों में शक्ति का संचार होता है। भगवान राम के समय से यह दिन बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। सीएम योगी ने विजयादशमी के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में कोविड-19 के प्रोटोकाॅल तथा फिजिकल डिस्टेसिंग का पूर्ण पालन करने की अपील की है।उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अधर्म पर धर्म की विजय के प्रतीक दशहरा के पावन पर्व पर देश व प्रदेशवासियों को अपनी मंगलमय हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। केशव प्रसाद मौर्य अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि यह त्यौहार हमें सत्य, धर्म व सन्मार्ग मार्ग पर चलने का संदेश देता है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के आदर्शों से प्रेरणा लेने का भी संदेश देता है। उन्होंने कहा है कि इस पुनीत अवसर पर हम सब देशवासी व प्रदेशवासी मानवीय मूल्यों की रक्षा का संकल्प लें और समाज सेवा का वृत लें।

Related Articles

Comments

Back to Top