निजी सचिव की हालत स्थिर
जनपत की खबर Sep 02, 2021 at 08:12 AM , 204लखनऊ। अपर मुख्य सचिव नगर विकास नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन विभाग के निजी सचिव विश्वंभर दयाल की हालत अभी स्थिर बनी हुई है। बुधवार को उनकी तबियत में थोड़ा सुधार दिखा है। माथे पर गोली लगने के कारण उनका चेहरे पर काफी सूजन आ गई थी। जिसमें बुधवार से कमी आने लगी है। बहरहाल आईसूयी में भर्ती निजी सचिव के पास जाने की इजाजत भी डाक्टरों ने किसी को नहीं दी है।
डाक्टरों ने बताया कि निजी सचिव फिलहाल कोमा में हैं। उनके कोमा से बाहर आने में थोड़ा ज्यादा समय लग सकता है। डाक्टरों ने सोमवार देर रात ही उनका ऑपरेशन कर उनके सिर में फंसी गोली को निकाल दिया था। उनकी हालत अब खतरे से बाहर है वह आईसीयू में भर्ती हैं ,लेकिन वह कब तक होश में आएंगे, इसका जवाब किसी के पास नहीं है।
अस्पताल में मौजूद उनके परिजनों ने बताया कि उन्नाव के औरास थाने में उनकी बहन के खिलाफ दर्ज मुकदमे के चलते ही वह बीते दिनों से काफी परेशान रह रहे थे। यह उनके आत्महत्या करने के प्रयास का एक कारण हो सकता है। बहरहाल उनके परिजन भी इस घटना के मूल कारण से अनभिज्ञ दिखे।
वहीं आईजी जोन लक्ष्मी सिंह द्वारा अभी इस मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने जांच के दौरान ही औरास थाने के थानेदार व एक दारोगा को काम में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित भी कर दिया है। इस मामले में डीसीपी मध्य ख्याति गर्ग का कहना है कि आईजी रेंज की जांच पूरी होने के बाद अगर रिपोर्ट में लखनऊ या उन्नाव पुलिस को किसी मामले में कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जाता है। तो मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।































Comments