राम मनोहर लोहिया पार्क में बनेगा एक और ओपेन जिम और किड्स जोन

जनपत की खबर , 515

लखनऊ।

- युवाओं की सहूलियत के लिए पार्क के कैफेटेरिया के पास लगेंगे इन्टरनेट पाॅवर प्लग्स

- पार्क के फौवारों में लगेंगी आकर्षक रंग-बिरंगी लाइटें, सिंथेटिक जाॅगिंग ट्रैक की कनेक्टीविटी होगी बेहतर

14 अगस्त, लखनऊ। गोमती नगर स्थित डा0 राम मनोहर लोहिया पार्क अब जल्द ही नये क्लेवर में दिखेगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने आज दिनांक-14 अगस्त को पार्क का निरीक्षण करके इसकी रूप रेखा तय की। उपाध्यक्ष के निर्देशानुसार जल्द ही पार्क में एक और ओपेन जिम और किड्स जोन के साथ आकर्षक सेल्फी प्वाइंट्स तैयार होंगे। इसके अलावा युवाओं की सहूलियत के लिए कैफेटेरिया के पास इन्टरनेट पाॅवर प्लग्स लगेंगे और पार्क में स्थित फौवारे आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी में नहायेंगे। उपाध्यक्ष द्वारा की जा रही इस पहल से न सिर्फ पर्यटकों को अतिरिक्त सुविधाएं मिलेंगी बल्कि पार्क का रेवेन्यू भी बढे़गा।

शनिवार दोपहर 2.30 बजे पार्क पहुंचे प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने करीब डेढ़ घण्टे तक पूरे पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने पार्क में इलेक्ट्राॅनिक टिकट सिस्टम लागू करने के साथ ही पार्किंग के प्रवेश व निकास में इलेक्ट्राॅनिक सिस्टम लागू करने के निर्देश दिये। इसके अलावा सुरक्षा के लिहाज से जरूरी स्थानों को चिन्हित करके सी0सी0टी0वी0 कैमरे लगाने के निर्देश दिये। उन्होंने पाथ-वे की टाइल्स् की मरम्मत/बदले जाने और सिंथेटिक जाॅगिंग ट्रैक की कनेक्टीविटी को बेहतर करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि लोहिया पार्क के ले-आउट की ड्राईंग प्रत्येक गेट पर लगाई जाए। इसके अलावा स्थान चिन्हित करके एल0ई0डी0 स्क्रीन भी लगवाई जाए, जिस पर प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं की जानकारी डिस्प्ले होती रहे। उन्होंने कहा कि पार्क में कूड़ेदान की संख्या बढ़ाई जाए और चार से पांच स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट्स बनाई जाए। इसके अलावा उन्होंने क्लाॅक टावर पर फोकस लाइट्स और हर्बल गार्डेन पर पौधों की नेम प्लेट लगाये जाने के निर्देश दिये। उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने अधिकारियों को जल्द ही इन सभी कार्यों का प्रस्ताव बनाकर प्रस्तुत करने को कहा है। उपाध्यक्ष के निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता इंदु शेखर सिंह, अधिशासी अभियंता कमलजीत सिंह, सहायक अभियंता मांगे राम वर्मा और व्यवस्थापक मो0 इमरान समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

जनेश्वर मिश्र पार्क में होगा वृक्षारोपण: लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत जनेश्वर मिश्र पार्क में मंगलवार 17 अगस्त को प्रातः 9.30 बजे वृक्षारोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यहां प्राधिकरण की नर्सरी में तैयार पौधें लगाये जाएंगे।

Related Articles

Comments

Back to Top