पत्नी से विवाद के बाद गनर ने कार्बाइन से की अंधाधुंध फायरिंग, हुआ गिरफ्तार
अन्य खबरे Jul 16, 2021 at 11:34 PM , 285ग्रेटर नोएडा वेस्ट ।
- डीसीपी ने आरोपी सिपाही के निलंबन की संस्तुति की
- बीजेपी नेता के भाई का है गनर
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मारे गए भाजपा नेता शिव कुमार यादव के भाई के गनर ने गुरुवार रात पत्नी से झगड़ा करने के बाद घर में ही कार्बाइन से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। फायरिंग से बहलोलपुर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली फेज-3 पुलिस ने नशे में धुत सिपाही की कार्बाइन जब्त करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी नोएडा सेंट्रल जोन ने सिपाही के निंलबन की संस्तुति कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाजपा नेता शिवकुमार यादव की 16 नवंबर 2017 को ग्रेनो वेस्ट के तिगरी गोलचक्कर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना में उसके गार्ड व चालक की भी मौत हो गई थी। इस मामले में उसके भाई योगेश यादव ने मुकदमा दर्ज कराया था। इस घटना के बाद से योगेश यादव की भी सुरक्षा के चलते सरकारी गनर उपलब्ध कराया गया था।
27 मई 2021 से यूपी पुलिस का सिपाही राजकुमार फोगाट योगेश यादव के गनर के रूप में सुरक्षा में लगा था। वह बहलोलपुर गांव में योगेश यादव के घर के परिसर में ही रह रहा था। गुरुवार रात उसने जमकर शराब पी ली। शराब पीने के कारण उसका पत्नी से झगड़ा हो गया। इससे गुस्साए सिपाही ने अपनई सरकारी कार्बाइन से कमरे के अंदर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इससे गांव में हड़कंप मच गया। गोली चलने की सूचना पर मौके पर कोतवाली फेज-3 पुलिस पहुंची और सिपाही राजकुमार को हिरासत में ले लिया। कोतवाली फेज-3 प्रभारी विवेक त्रिवेदी ने बताया कि आरोपी सिपाही राजकुमार फोगाट के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
*दस राउंड फायरिंग करने वाले सिपाही को थाने से मिली जमानत*
मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी सिपाही राजकुमार फोगाट ने कमरे में कार्बाइन से दस राउंड फायरिंग की। सभी गोलियां दीवार पर लगी जिससे किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ। आरोपी सिपाही को पुलिस ने गिरफ्तार कर करने के बाद उसे थाने से ही जमानत दे दी। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि सिपाही पर दर्ज मुकदमें की धाराओं में सात साल से कम सजा का प्रावधान है। इस कारण उसे थाने से जमानत दे दी गयी।
*डीसीपी ने की निलंबन की संस्तुति*
सेंट्रल जोन के डीसीपी हरिश्चंद्र ने बताया कि नशे में धुत होकर सरकारी कार्बाइन से अंधाधुंध फायरिंग करने वाले सिपाही को गिरफ्तार किया गया था जिसे ज़मानत दे दी गयी है। उसके द्वारा किये गए कृत्य के लिए पुलिस कमिश्नर से उसके निलंबन की संस्तुति की गई है। सिपाही के खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दे दिए गए हैं।



























Comments