जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव , बागपत में रालोद और प्रतापगढ़ में राजा भैया के उम्मीदवार जीते
अन्य खबरे Jul 03, 2021 at 11:00 PM , 302प्रतापगढ़।
उत्तर प्रदेश में चल रहे जिला पंचायत चुनाव में बागपत और प्रतापगढ़ में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को तगड़ा झटका लगा है। बागपत में राष्ट्रीय लोकदल-समाजवादी पार्टी गठबंधन की उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। दूसरी ओर प्रतापगढ़ में राजा भैया की पार्टी जनसत्ता दल की प्रत्याशी जीत गई हैं। बागपत में गठबंधन और भाजपा के बीच रस्साकशी का दौर चल रहा था।
बागपत जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव संपन्न हो गया है। रालोद की प्रत्याशी ममता किशोर बागपत की जिला पंचायत अध्यक्ष बनी हैं। ममता के पक्ष में 12 वोट पड़े हैं, वहीं भाजपा को 7 वोट मिले हैं। एक वोट निरस्त हुआ है। इस जीत से रालोद कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। कलक्ट्रेट के बाहर आरएलडी के कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं। इस जीत पर रालोद प्रमुख जयंत चौधरी ने कहा, "हिंदुस्तान के उन सब लोगों को बधाई जो लोकतंत्र में आस्था रखते हैं। बागपत की क्रांतिकारी भूमि ने सिद्ध कर दिया है कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए वह लड़ना भी जानती है और दुश्मन को ध्वस्त करना भी जानती है। बागपत में जनता ने नैतिक दबाव लगातार बनाकर ज़िला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में मनमानी नहीं होने दी। उम्मीद है ज़िले में विकास की गति तेज होगी।"
*प्रतापगढ़ में माधुरी पटेल जीतीं,भाजपा को केवल 3 वोट मिले*
प्रतापगढ़ में भी सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को करारा झटका लगा है। जनसत्ता दल की प्रत्याशी माधुरी पटेल ने जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा किया है। 40 वोट पाकर राजा भैया समर्थित प्रत्याशी माधुरी पटेल विजयी हो गई हैं। इस जीत से जनसत्ता दल में जश्न का माहौल है। इस एकतरफा जीत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सपा प्रत्याशी को 6 वोट और भाजपा प्रत्याशी क्षमा सिंह को केवल 3 वोट मिले हैं। 2 वोट इनवेलिड पाए गए हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में कुल 51 मत डाले गए हैं। प्रतापगढ़ में जिला पंचायत के 57 सदस्य हैं। इस तरह 6 जिला पंचायत सदस्य वोट डालने नहीं आए।



























Comments