चाइल्ड हेल्पलाइन ने रुकवाया एक ही स्कूल के चार नाबालिग छात्र-छात्राओं का विवाह

हेडलाइंस , 485

ग्रेटर नोएडा । कोतवाली नॉलेज पार्क क्षेत्र में नज़दीक के एक गांव में रहने वाले एक ही स्कूल के चार नाबालिग छात्र-छात्राओं का विवाह चाइल्ड हेल्पलाइन और पुलिस ने मिलकर रुकवा दिया। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पोर्टल पर अज्ञात व्यक्ति की शिकायत और जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देश पर हुई है।

ग्रेटर नोएडा चाइल्ड हेल्पलाइन के अदनान उस्मानी ने बताया कि किसी अनजान व्यक्ति ने मुख्यमंत्री से आईजीआरएस पोर्टल के जरिए शिकायत की थी कि कोतवाली नॉलेज पार्क क्षेत्र के एक गांव में दो नाबालिग बहनों का विवाह पड़ोस के गांव के दो नाबालिग भाइयों से किया जा रहा है। शिकायत मिलने पर जिला प्रोबेशन अधिकारी ने चाइल्ड लाइन टीम को जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। 

गुरुवार को चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की तो पता चला कि गांव में विवाह की तैयारी चल रही हैं और शादी की दावत के ‌‌लिए भोजन और मिठाइयां तैयार की जा रही हैं। यह विवाह शुक्रवार को होना था। टीम ने चारों नाबालिग छात्र-छात्राओं से बात की और उनकी उम्र से संबंधित दस्तावेजों की गहनता से जांच-पड़ताल की। इस दौरान टीम को जानकारी मिली कि जिन लड़कियों का विवाह होने वाला है उनकी आयु 14 से 16 वर्ष के बीच है। साथ ही जिन लड़कों से विवाह संपन्न होने है वह दोनों लड़के भी नाबालिग हैं। इसके बाद हरकत में आई टीम ने  विवाह रुकवा दिया और परिजनों से इस बारे में लिखित में आश्वासन लेते हुए चेतावनी दी  कि अगर भविष्य में नाबालिगों का विवाह किया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Comments

Back to Top