12 मई से यात्री ट्रेन सेवा शुरू
राष्ट्रीय May 11, 2020 at 09:41 AM , 537नई दिल्ली। देश भर में लागू लॉकडाउन अभी 17 मई तक है, लेकिन भारतीय रेलवे ने उससे पहले ही यात्री ट्रेन की सेवा शुरू करने का फैसला किया है। भारतीय रेलवे 12 मई से यात्री ट्रेन सेवा शुरू करने जा रही है। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने खुद ट्विट करके इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा है कि मंगलवार से 15 जोड़ी विशेष ट्रेनें शुरू होंगी, जो राजधानी दिल्ली को देश के अलग अलग हिस्सों से जोड़ेंगी।
भारतीय रेलवे ने चरणबद्ध तरीके से सेवा शुरू करने का फैसला किया है। पहले चरण में नई दिल्ली स्टेशन से डिब्रूगढ़, अगरतला, हावड़ा, पटना, बिलासपुर, रांची, भुवनेश्वर, सिकंदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, तिरुवनंतपुरम, मडगांव, मुंबई सेंट्रल, अहमदाबाद और जम्मू तवी को जोड़ने वाली 15 ट्रेनों को विशेष ट्रेनों के रूप में चलाया जाएगा। उसके बाद रेलवे कुछ अन्य मार्गों पर विशेष ट्रेनें संचालित करेगी हालांकि यह कोच की उपलब्धता पर निर्भर करेगा। गौरतलब है कि 20 हजार कोचों को कोविड-19 केयर सेंटर के रूप में आरक्षित किया गया है और इसके अलावा हर दिन तीन सौ श्रमिक स्पेशल ट्रेनें चलाने के लिए भी कोच रिजर्व किए गए हैं। बहरहाल, 12 मई से शुरू हो रही ट्रेनों में आरक्षण के लिए बुकिंग 11 मई को शाम चार बजे से शुरू होगी और सिर्फ आईआरसीटीसी की वेबसाइट से ही टिकट लिए जा सकेंगे।
रेलवे स्टेशनों पर टिकट बुकिंग काउंटर बंद रहेंगे और प्लेटफॉर्म टिकट सहित कोई और टिकट काउंटर से जारी नहीं किया जाएगा। जिन लोगों के पास वैध कंफर्म टिकट होगी उन्हीं यात्रियों को रेलवे स्टेशनों में प्रवेश करने की अनुमति होगी। यात्रियों को प्रवेश के दौरान मास्क अनिवार्य होगा और प्रस्थान के समय स्क्रीनिंग से गुजरना होगा और सिर्फ यात्रियों को ही ट्रेन में चढ़ने की अनुमति होगी।































Comments