भाजपा नेता पर एफआईआर
अन्य खबरे May 26, 2021 at 11:28 AM , 309ग्रेटर नोएडा ।
ग्रेटर नोएडा के जेवर कस्बे में पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party) के एक नेता पर एफआईआर दर्ज की है। उस पर अपनी ही पार्टी में युवा मोर्चा के जिला महामंत्री के साथ मारपीट, गाली गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। जेवर के इंस्पेक्टर का कहना है कि जल्दी ही कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर पीड़ित भाजपा कार्यकर्ता ने आरोपी से अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है।
भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिला महामंत्री और जेवर कस्बे के रहने वाले मोनू गर्ग ने बीती रात कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत दी है। मोनू गर्ग ने बताया कि मंगलवार की देर शाम करीब 7:30 बजे वह मनोज जैन और संजय जैन के साथ अरिहंत प्रॉपर्टीज के कार्यालय गया था। उनके साथ बॉबी शर्मा भी थे। जब यह लोग वहां बैठकर बातचीत कर रहे थे, तभी मोनू गर्ग के फोन पर कॉल आई। वह कॉल सुनने के लिए कार्यालय से बाहर निकल गए। तभी सामने कैलाश अस्पताल से संजीव शर्मा निकला। संजीव शर्मा भी भारतीय जनता पार्टी में कार्यकर्ता है। मोनू का आरोप है कि संजीव शर्मा ने उसके साथ गाली गलौज किया। उसने कहा कि बहुत ज्यादा सोशल मीडिया पर एक्टिव है। तुझसे सोशल मीडिया चलवा दूंगा। भद्दी गालियां दीं और मारपीट पर उतारू हो गया।
मोनू गर्ग ने कहा, "संजीव शर्मा ने मुझे जान से मारने की धमकी भी दी है। उसकी गाली गलौज सुनकर अरिहंत प्रॉपर्टीज के कार्यालय में बैठे बॉबी शर्मा, मनोज जैन और संजय जैन बाहर आ गए। उन लोगों ने संजीव शर्मा को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह बदतमीजी करता रहा।" मोनू गर्ग का कहना है कि बॉबी शर्मा उन्हें वहां से किसी तरह बचा कर लाए और कोतवाली लेकर पहुंचे। मोनू गर्ग ने संजीव शर्मा के खिलाफ पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है।
*मेरी हत्या करना चाहता है संजीव शर्मा : मोनू गर्ग*
मोनू कर का कहना है कि संजीव शर्मा अपराधी किस्म का व्यक्ति है। उसके खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। मोनू गर्ग का यह भी कहना है कि संजीव शर्मा से उसकी जान को खतरा है। वह मेरी हत्या करवाना चाहता है। उसके इलाके में सक्रिय अपराधियों से ताल्लुकात हैं। पिछले साल उसका एक ऑडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था। जिसमें वह भूमाफिया के लिए स्थानीय इंस्पेक्टर पर दबाव बना रहा था। मोनू गर्ग का कहना है कि संजीव शर्मा का भूमाफिया, खनन माफिया और शराब माफिया के साथ उठना बैठना है।
*जिले के कद्दावर भाजपा नेता की छत्रछाया में संजीव शर्मा*
संजीव शर्मा के खिलाफ यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी संजीव शर्मा पर कस्बे की एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए थे। उस पर घर में घुसकर बलात्कार करने और जानलेवा हमला करने के आरोपों में एफआईआर दर्ज करवाई गई थी। पिछले साल संजीव शर्मा की एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। जिसमें वह इलाके के एक खनन माफिया को संरक्षण देने के लिए जेवर के तत्कालीन इंस्पेक्टर पर दबाव बना रहा था। इस मामले में जांच हुई थी और इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया गया था। इस सबके बावजूद संजीव शर्मा पर भारतीय जनता पार्टी ने कभी कोई एक्शन नहीं लिया। दरअसल, जिले के एक कद्दावर नेता का संरक्षण संजीव शर्मा को हासिल है। मोनू गर्ग का आरोप है कि नेता के दम पर वह खुलेआम जेवर कस्बे में गुंडागर्दी करता है। यही वजह है कि उसने अपनी ही पार्टी के युवा और कर्मठ कार्यकर्ता के साथ इस वारदात को अंजाम दिया है।



























Comments