उत्तर प्रदेश का नहीं होगा विभाजन, अविभाजित रहते हुए बढ़ेंगी विधानसभा की सीटें: अमित शाह

जनपत की खबर , 7

132वें संविधान संशोधन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी, विधानसभा में सीटों की अधिकतम सीमा 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के संभावित विभाजन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश का विभाजन किए बिना ही विधानसभा में सीटों की संख्या बढ़ाई जा सकेगी। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 132वें संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दी है। यह देश के सभी राज्यों में जनप्रतिनिधित्व बढ़ाने और शासन को जनता के और करीब लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपने बयान में बताया कि प्रस्तावित विधेयक में संविधान के अनुच्छेद 170(1) में संशोधन कर राज्य विधानसभाओं में सीटों की अधिकतम सीमा 500 से बढ़ाकर लगभग 650 करने का प्रावधान किया गया है।

### यूपी का बंटवारा किए बिना बढ़ेगा प्रतिनिधित्व

गृह मंत्री ने कहा कि इस प्रावधान से उत्तर प्रदेश अविभाजित रहते हुए अपनी विधानसभा में प्रतिनिधित्व बढ़ा सकेगा। इससे प्रदेश के विभाजन की जरूरत के बिना ही बढ़ती आबादी और क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप अधिक जनप्रतिनिधियों को विधानसभा में स्थान मिल सकेगा।

### महिलाओं को मिलेगा एक-तिहाई आरक्षण

अमित शाह ने कहा कि महिलाओं के लिए प्रस्तावित एक-तिहाई आरक्षण से उत्तर प्रदेश की महिलाओं को अब तक का सबसे बड़ा राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलेगा। अधिक जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों की प्राथमिकताओं और स्थानीय समस्याओं को सदन में प्रभावी ढंग से उठा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय जरूरतों के अनुरूप योजनाएं बनाने और विकास कार्यों को गति देने में मदद मिलेगी। यह निर्णय प्रदेश में सुशासन और जनभागीदारी को और मजबूत करेगा।

### सभी राजनीतिक दलों से समर्थन की अपील

गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के सभी राजनीतिक दलों से इस विधेयक का स्वागत करने और समर्थन देने की अपील की है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में वर्तमान में विधानसभा की 403 सीटें हैं। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत परिसीमन के बाद इनकी संख्या में वृद्धि हो सकती है। हालांकि, 132वां संविधान संशोधन विधेयक अभी प्रस्तावित है और इसे संसद की मंजूरी मिलना बाकी है। 

अमित शाह के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश के विभाजन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब राजनीतिक और संवैधानिक बहस का केंद्र विधानसभा में बढ़ते प्रतिनिधित्व और महिला आरक्षण का मुद्दा बन गया है।

Related Articles

Comments

Back to Top