लखनऊ में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन लागू, 19 से 21 अक्टूबर तक बदले रहेंगे कई मार्ग
अन्य खबरे Oct 19, 2026 at 10:22 AM , 16**कैसरबाग, सुभाष चौराहा, डालीगंज और हनुमान सेतु की ओर जाने वाले वाहन चालकों के लिए पुलिस ने जारी की एडवाइजरी**
**लखनऊ।** दुर्गा प्रतिमाओं की शोभायात्रा एवं विसर्जन कार्यक्रमों के मद्देनजर लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। पुलिस के अनुसार, 19, 20 और 21 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान कैसरबाग बस अड्डे की ओर जाने वाली रोडवेज बसों के साथ-साथ शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य यातायात के आवागमन में बदलाव किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित मार्गों पर जाने से पहले डायवर्जन की जानकारी लेकर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।
## इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
**1. अयोध्या मार्ग/कमता से कैसरबाग बस अड्डा:** रोडवेज बसें कमता तिराहा से विजयीपुर अंडरपास, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान चौराहा, समता मूलक चौराहा, गांधी सेतु (1090) चौराहा, पीएनटी (बालू अड्डा) चौराहा, संकल्प वाटिका ओवरब्रिज, चिरैयाझील तिराहा, क्लार्क अवध तिराहा और सीडीआरआई तिराहा होते हुए कैसरबाग बस अड्डे पहुंचेंगी तथा इसी निर्धारित मार्ग से वापसी कर सकेंगी।
**2. सीतापुर रोड से कैसरबाग:** रोडवेज और सिटी बसें मड़ियांव, पुरनिया/डालीगंज रेलवे क्रॉसिंग, पक्का पुल चौराहा, शाहमीना तिराहा, डालीगंज पुल चौराहा और सीडीआरआई तिराहा होते हुए कैसरबाग बस अड्डे जाएंगी। वापसी में बसें बलरामपुर ढाल और शहीद स्मारक होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी।
**3. कैसरबाग से सुभाष चौराहा:** चौक, डालीगंज पुल चौराहा और कैसरबाग की ओर से सुभाष चौराहे जाने वाला सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन क्लार्क अवध तिराहा से चिरैयाझील तिराहा, सहारागंज तिराहा अथवा संकल्प वाटिका ओवरब्रिज होकर जा सकेंगे।
**4. डालीगंज इक्का-तांगा स्टैंड से झूलेलाल पार्क:** इस मार्ग से झूलेलाल पार्क और नदवा बंधा तिराहा की ओर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। वाहन डालीगंज पुल चौराहा अथवा डालीगंज रेलवे क्रॉसिंग से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
**5. टेलीफोन एक्सचेंज चौराहा, मकबरा रोड:** यहां से परिवर्तन चौक और सुभाष चौराहे की ओर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन कैसरबाग बस अड्डा अथवा सीडीआरआई तिराहा, क्लार्क अवध तिराहा और चिरैयाझील तिराहा होकर जा सकेंगे।
**6. निराला नगर, आईटी चौराहा और हनुमान सेतु:** इन क्षेत्रों से सुभाष चौराहे की ओर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। वाहन डालीगंज रेलवे क्रॉसिंग, डालीगंज पुल चौराहा अथवा आईटी चौराहे से बाएं मुड़कर समथर पेट्रोल पंप और निशातगंज के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
**7. हजरतगंज से आईटी चौराहा और हनुमान सेतु:** हजरतगंज चौराहे से सुभाष चौराहा, हनुमान सेतु मंदिर और आईटी चौराहे की ओर जाने वाले सामान्य यातायात पर प्रतिबंध रहेगा। वैकल्पिक मार्ग के रूप में मकबरा रोड, टेलीफोन एक्सचेंज कार्यालय, सीडीआरआई तिराहा, डालीगंज पुल चौराहा अथवा सिकंदरबाग चौराहा, सहारागंज तिराहा, चिरैयाझील तिराहा और क्लार्क अवध तिराहा का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
**8. हनुमान सेतु/नदवा बंधा तिराहा:** यहां से नदवा बंधा रोड और झूलेलाल पार्क की ओर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। वाहन आईटी चौराहा और डालीगंज रेलवे क्रॉसिंग होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
**9. महाराणा प्रताप चौराहे से बंगाली क्लब:** महाराणा प्रताप चौराहे से हिवेट रोड स्थित बंगाली क्लब की ओर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन वर्लिंग्टन चौराहा अथवा बांसमंडी चौराहा होकर जा सकेंगे।
## एंबुलेंस और आपातकालीन वाहनों को मिलेगी छूट
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चिकित्सकीय आपातस्थिति या वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध न होने की दशा में एंबुलेंस, शव वाहन, फायर सर्विस और स्कूली वाहनों को ट्रैफिक पुलिस अथवा स्थानीय पुलिस की अनुमति से प्रतिबंधित मार्ग पर भी जाने दिया जा सकेगा।
**यातायात कंट्रोल रूम नंबर: 9454405155**
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की यातायात संबंधी जानकारी या सहायता के लिए इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित डायवर्जन मार्गों का इस्तेमाल कर सहयोग करें।






_page-0001.jpg)




















Comments