कॉक्लियर इम्प्लांट सर्जरी के लिए प्रदेश के 40 लाभार्थियों का चयन

अन्य खबरे , 17

**दिव्यांगजन पेंशन में देरी पर मंत्री नरेंद्र कश्यप नाराज, पात्रों को जल्द भुगतान के निर्देश**
 
**3 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर होगा भव्य आयोजन, विभाग के नए मुख्यालय के लिए भूमि आवंटन प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश**
 
**लखनऊ, 9 अक्टूबर।** प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने कॉक्लियर इम्प्लांट सर्जरी के लिए प्रदेश के 40 लाभार्थियों के चयन की जानकारी देते हुए संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय से पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के नए मुख्यालय के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने तथा दिव्यांगता पेंशन के भुगतान में होने वाली देरी रोकने पर भी जोर दिया।
 
शुक्रवार को अपने सरकारी कार्यालय में आयोजित बैठक में मंत्री ने शल्य चिकित्सा अनुदान समिति के कार्यों और दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की योजनाओं की समीक्षा की।
 
**20.40 करोड़ रुपये खर्च, 40 लाभार्थियों का चयन**
 
बैठक में बताया गया कि शल्य चिकित्सा अनुदान समिति के लिए आवंटित 22 करोड़ रुपये के बजट में से 20.40 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इस धनराशि से बदायूं और रायबरेली को छोड़कर प्रदेश के सभी जिलों को कवर किया गया है।
 
शेष 1.60 करोड़ रुपये की धनराशि से कॉक्लियर इम्प्लांट सर्जरी के लिए 40 लाभार्थियों का चयन कर प्रस्ताव भेजा गया है। इनमें बाराबंकी, गौतमबुद्ध नगर, कासगंज, हरदोई, कानपुर देहात और बदायूं से एक-एक लाभार्थी शामिल हैं। बिजनौर, फिरोजाबाद, रायबरेली और बागपत से दो-दो, लखीमपुर खीरी से तीन तथा श्रावस्ती और बहराइच से चार-चार लाभार्थियों का चयन किया गया है। वहीं, मेरठ, मुजफ्फरनगर और गोरखपुर से पांच-पांच लाभार्थियों के नाम प्रस्तावित किए गए हैं।
 
**पेंशन भुगतान में देरी पर जताई नाराजगी**
 
दिव्यांगता पेंशन के भुगतान में हो रही देरी पर मंत्री नरेंद्र कश्यप ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों को जल्द पेंशन उपलब्ध कराई जाए। साथ ही भविष्य में भुगतान में विलंब की स्थिति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
 
**नए मुख्यालय के लिए भूमि आवंटन जल्द**
 
मंत्री ने दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के नए मुख्यालय के लिए भूमि आवंटन की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि मुख्यालय संबंधी कार्यवाही आगे बढ़ाई जा सके।
 
**3 दिसंबर को होगा भव्य आयोजन**
 
बैठक में 3 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने तथा आवश्यक कार्यवाही समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन को व्यापक स्तर पर संपन्न कराने के लिए समाज कल्याण विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने की बात भी कही।
 
बैठक में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के संयुक्त निदेशक अतिम सिंह और रणजीत सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top