यूपी में 403 विधानसभा क्षेत्रों में होगा सेवा संकल्प महोत्सव-2026, नुक्कड़ नाटकों से पहुंचेंगी विकास की कहानियां
जनपत की खबर Sep 18, 2026 at 03:26 PM , 13**17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा प्रदेशव्यापी अभियान, 10 विशिष्ट, 98 जिला और 826 ब्लॉक स्तरीय स्थलों पर बनाई जाएंगी थीम आधारित रंगोलियां**
**लखनऊ, 18 सितंबर।** प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशव्यापी सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में सेवा संकल्प महोत्सव-2026 के तहत नुक्कड़ नाटक और नाट्य मंचन किए जाएंगे। इसका उद्देश्य केंद्र सरकार के 12 वर्षों और राज्य सरकार के 9.5 वर्षों के विकास कार्यों से जनजीवन में आए सकारात्मक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाना तथा लोगों को विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है।
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी जिलाधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। महोत्सव के माध्यम से प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं और देश-प्रदेश में हुए बदलावों की कहानियों को सरल, भावनात्मक एवं संगीतमय नाटकों के जरिए गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाया जाएगा।
## प्रत्येक विधानसभा में कम से कम 30 स्थानों पर होंगे नुक्कड़ नाटक
मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 30 स्थानों पर नुक्कड़ नाटक आयोजित कराने का प्रस्ताव है। संस्कृति विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए दल प्रत्येक विधानसभा में अधिकतम 10 नुक्कड़ नाटक और एक नाट्य मंचन करेंगे।
शेष 19 नुक्कड़ नाटकों के लिए स्थानीय स्तर पर जिला प्रशासन विद्यालयों, विश्वविद्यालयों, गैर सरकारी संगठनों और सांस्कृतिक संगठनों को आमंत्रित कर टोलियों का चयन करेगा। ये सभी कार्यक्रम निर्धारित स्क्रिप्ट के अनुसार आयोजित किए जाएंगे।
## 10 विशिष्ट स्थलों समेत 934 स्थानों पर बनेंगी रंगोलियां
सेवा संकल्प महोत्सव के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा काल को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश के विभिन्न स्थलों पर थीम आधारित रंगोली बनाई जाएंगी।
इसके लिए 10 विशिष्ट स्थलों, 98 जनपद स्तरीय स्थलों और 826 ब्लॉक स्तरीय स्थलों का चयन किया जाएगा। स्थानों का चयन स्थानीय स्तर पर जिला प्रशासन द्वारा किया जाएगा।
जिला एवं ब्लॉक स्तरीय रंगोली कार्यक्रमों के पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी जिला पंचायत राज अधिकारी, उपायुक्त ग्रामीण आजीविका मिशन, परियोजना निदेशक, जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को सौंपी जाएगी।
## आयोजन के लिए निर्धारित की गई धनराशि
प्रेस सूचना के अनुसार, रंगोली आयोजन के लिए कुल 1 करोड़ 80 लाख 60 हजार रुपये संबंधित जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषदों को उपलब्ध कराए जाएंगे।
वहीं, जिला स्तर पर चयनित 19 नुक्कड़ नाटक टोलियों के जलपान एवं अन्य व्यय के लिए 2 करोड़ 29 लाख 71 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
कार्यक्रमों के संचालन के लिए जिलाधिकारी जिला एवं विधानसभा स्तर पर नोडल अधिकारी नामित करेंगे। अपर मुख्य सचिव, पर्यटन एवं संस्कृति तथा धर्मार्थ कार्य की ओर से भी सभी जिलाधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
सेवा संकल्प महोत्सव के माध्यम से युवाओं, महिलाओं, किसानों और वंचित वर्गों को आत्मनिर्भरता तथा राष्ट्र निर्माण के सामूहिक संकल्प से जोड़ने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।






_page-0001.jpg)
























Comments