लखनऊ में अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा, सरगना समेत तीन गिरफ्तार; आठ बाइक बरामद

अन्य खबरे , 11

 120 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर सरोजनीनगर पुलिस ने की कार्रवाई, बरामद मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत सात लाख रुपये

लखनऊ, 17 सितंबर। सरोजनीनगर थाना पुलिस ने अंतरजनपदीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का खुलासा करते हुए कथित सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की आठ मोटरसाइकिलें और फर्जी नंबर प्लेट बरामद की हैं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उन्नाव निवासी योगेंद्र कुमार उर्फ योगेंद्र सिंह उर्फ विक्की (42), शिवम कुमार (18) और बासुदेव (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को 17 सितंबर को गिरफ्तार कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।

### 120 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले

पुलिस प्रेस नोट के मुताबिक, सरोजनीनगर क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं के संबंध में अनिल कुमार और श्याम नारायण सिंह की शिकायतों पर मुकदमे दर्ज किए गए थे। घटनाओं के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया।

टीमों ने 120 से अधिक सीसीटीवी फुटेज के साथ तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।

### नंबर प्लेट बदलकर करते थे चोरी

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अलग-अलग स्थानों पर घूमकर मोटरसाइकिल चोरी करने का मौका तलाशते थे। चोरी के बाद वाहनों की नंबर प्लेट बदल देते थे या हटा देते थे। कुछ वाहनों पर कथित तौर पर कूटरचित नंबर प्लेट लगाकर उनका इस्तेमाल अन्य स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करने में भी करते थे।

पुलिस का कहना है कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को अलग-अलग जगह छिपाकर रखते थे और पर्याप्त संख्या में वाहन एकत्र होने पर उन्हें बेचने की फिराक में थे। गिरफ्तारी के समय भी वे कथित तौर पर चोरी की मोटरसाइकिलें बेचने जा रहे थे।

### सरोजनीनगर की दो घटनाओं का भी खुलासा

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 11 सितंबर को गौरी बाजार और 14 सितंबर को स्कूटर इंडिया चौराहे के पास से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की है। बरामद मोटरसाइकिलें लखनऊ के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की गई बताई गई हैं।

### बरामद आठ मोटरसाइकिलें

* दो मोटरसाइकिलें बिना नंबर प्लेट के।

* तीन स्प्लेंडर/स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिलें।

* एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल।

* अन्य दो मोटरसाइकिलें अलग-अलग पंजीकरण नंबरों के साथ।

पुलिस ने बताया कि कुछ वाहनों पर कूटरचित नंबर प्लेट लगी हुई थीं।

 योगेंद्र पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस  के अनुसार, योगेंद्र कुमार के विरुद्ध पूर्व में चोरी, चोरी की संपत्ति रखने और गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। बासुदेव के विरुद्ध पारा थाने में वर्ष 2026 का एक मुकदमा दर्ज बताया गया है। शिवम कुमार के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मामले में सरोजनीनगर के दो मुकदमों के साथ पारा थाने के एक मुकदमे का भी अनावरण हुआ है।

पुलिस टीम: कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक राजदेव प्रजापति के नेतृत्व में सरोजनीनगर थाना पुलिस टीम ने की। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

Related Articles

Comments

Back to Top