सेवा संकल्प अभियान से जनसेवा और राष्ट्र निर्माण को मिलेगी नई गति: योगी

जनपत की खबर , 15

 **लखनऊ।** मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी भी योजना की सफलता केवल उसके निर्माण तक सीमित नहीं होती, बल्कि उसकी वास्तविक सफलता तब है, जब उसका लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक **लास्ट माइल डिलीवरी** के माध्यम से पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योजनाओं के सफल क्रियान्वयन और उनके अंतिम लाभार्थी तक पहुंचने का मॉडल देश और दुनिया ने देखा है।
 
लखनऊ में **‘सेवा संकल्प अभियान’** के संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपने 13 वर्ष के कार्यकाल में राज्य के विकास की नई तस्वीर प्रस्तुत की। वर्ष 2001 से पहले गुजरात को भीषण सूखे, पेयजल संकट, सिंचाई की कमी, कनेक्टिविटी जैसी अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता था। मोदी ने मुख्यमंत्री रहते हुए लंबित **सरदार सरोवर परियोजना** को आगे बढ़ाकर अंतिम गांव तक पेयजल पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया।
 
योगी ने कहा कि गुजरात आज केवल एक **वेलफेयर स्टेट** के रूप में ही नहीं, बल्कि इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में भी एक मॉडल के रूप में देश-दुनिया के सामने खड़ा है। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन प्रभावी योजना, उसके समयबद्ध क्रियान्वयन और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता का परिणाम है।
 
### सोमनाथ मंदिर का भी किया उल्लेख
 
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में **सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण और प्राण-प्रतिष्ठा समारोह** का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जब तत्कालीन समिति ने देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद को सोमनाथ मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था, तब तत्कालीन कांग्रेस सरकार की ओर से राष्ट्रपति को इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होने की सलाह दी गई थी।
 
योगी ने कहा कि इसके बावजूद तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद सोमनाथ मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उस अवसर पर राष्ट्रपति का दिया गया उद्बोधन आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणादायी है।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि **‘सेवा संकल्प अभियान’** का उद्देश्य सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सेवा कार्यों को गति देने और जनभागीदारी को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Comments

Back to Top