कृषि उत्पादों के वैश्विक निर्यात को बढ़ावा देने के लिए नई पहल, 75 जिलों के किसान और एफपीओ होंगे लाभान्वित

अन्य खबरे , 15

**लखनऊ।** उत्तर प्रदेश सरकार ने कृषि एवं औद्यानिक उत्पादों को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने और कृषि क्षेत्र में मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण पहल की है। **राज्य औद्यानिकी निर्यात प्रोत्साहन बोर्ड की दूसरी बैठक** में निर्यात को सुगम बनाने के उपायों पर चर्चा के साथ नई वेबसाइट का शुभारंभ किया गया।
 
बैठक में प्रदेश के सभी **75 जिलों के किसान, निर्यातक और एफपीओ** शामिल हुए। इस दौरान निर्यातकों एवं एफपीओ के बीच समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर भी किए गए।
 
उद्यान मंत्री **दिनेश प्रताप सिंह** ने बताया कि नई वेबसाइट के माध्यम से किसानों और निर्यातकों को जिलेवार यह जानकारी मिल सकेगी कि उनके क्षेत्र की कौन-कौन सी उपज किन देशों में निर्यात की जा सकती है, संबंधित देश के गुणवत्ता मानक क्या हैं तथा निर्यात के लिए किन प्रक्रियाओं का पालन करना होगा।
 
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में वर्तमान में करीब **3,000 निर्यातक सक्रिय** हैं। प्रदेश से औद्यानिक एवं कृषि उत्पादों का निर्यात वर्ष **2016-17 में 727 करोड़ रुपये** से बढ़कर वर्ष **2025-26 में 1,132 करोड़ रुपये** हो गया है। प्रदेश की कृषि उपज अमेरिका, यूएई, जर्मनी और ब्रिटेन समेत **20 से अधिक देशों** में पहुंच रही है।
 
मंत्री ने बताया कि **जेवर एयरपोर्ट के निकट इंटीग्रेटेड टेस्टिंग ट्रीटमेंट पार्क** विकसित किया जाएगा। इससे कृषि एवं औद्यानिक उत्पादों की जांच और आवश्यक उपचार की सुविधाएं एक स्थान पर उपलब्ध होंगी तथा एयर कार्गो के माध्यम से निर्यात को गति मिलेगी।
 
किसानों को बाजार में मूल्य स्थिरता उपलब्ध कराने के लिए **1,000 करोड़ रुपये का भामाशाह भाव स्थिरता कोष** स्थापित किया गया है। इसके साथ ही शीतगृह किराये और बीज पर भी छूट जैसी सुविधाएं किसानों को उपलब्ध कराई जा रही हैं।
 
बैठक में उत्पाद की गुणवत्ता, अंतरराष्ट्रीय मानकों, पैकेजिंग, पेस्टिसाइड मैनेजमेंट, कोल्ड चेन तथा निर्यात से संबंधित अन्य आवश्यकताओं पर विशेष जोर दिया गया। कार्यशाला में **एपीडा, डेलॉयट, सीआईएसएच और सीआईपीएमए** के विशेषज्ञों ने औद्यानिक निर्यात की वर्तमान स्थिति, भविष्य की संभावनाओं, अच्छी कृषि पद्धतियों और निर्यात के आवश्यक मानकों की तकनीकी जानकारी दी।
 
उद्यान मंत्री ने कहा कि **राज्य औद्यानिकी निर्यात प्रोत्साहन बोर्ड मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।**

Related Articles

Comments

Back to Top