वीरांगना रानी अवंती बाई का बलिदान युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत: मुख्यमंत्री योगी

जनपत की खबर , 21

लखनऊ, 16 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की 196वीं जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने रानी अवंती बाई लोधी को 1857 के प्रथम स्वातंत्र्य समर की महान क्रांतिकारियों में शामिल बताते हुए कहा कि वीरांगनाओं का तप, त्याग और बलिदान आज भी देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1857 में रानी अवंती बाई की आयु महज 27 वर्ष थी। इतनी कम उम्र में उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर अदम्य साहस और देशभक्ति की मिसाल कायम की। उनका बलिदान आज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। रानी अवंती बाई लोधी ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष का नेतृत्व करते हुए देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनके योगदान के लिए प्रत्येक भारतवासी नतमस्तक है।

तीन महिला पीएसी बटालियन वीरांगनाओं के नाम पर

सीएम योगी ने कहा कि वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी सहित महान वीरांगनाओं के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश में तीन नई महिला पीएसी बटालियन का गठन किया जा रहा है। इनका नामकरण वीरांगनाओं के नाम पर किया गया है।

बदायूं में रानी अवंती बाई लोधी के नाम पर महिला पीएसी वाहिनी का गठन लगभग पूरा हो चुका है। यहां उनकी अश्वारोही प्रतिमा स्थापित करने की कार्रवाई भी अंतिम चरण में है। वहीं लखनऊ में वीरांगना ऊदा देवी पासी तथा गोरखपुर में वीरांगना झलकारी बाई कोरी के नाम पर गठित महिला पीएसी बटालियनों का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। दोनों स्थानों पर वीरांगनाओं की अश्वारोही प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं।

बेटी की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरांगनाओं के नाम पर किए जा रहे कार्यों का उद्देश्य केवल उनके योगदान को स्मरण करना नहीं, बल्कि प्रदेश की बेटियों को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का मजबूत वातावरण उपलब्ध कराना भी है।

उन्होंने कहा कि कभी उत्तर प्रदेश में मातृशक्ति की सुरक्षा को लेकर सवाल उठते थे, लेकिन आज सरकार की प्राथमिकता है कि बेटियां सुरक्षित रहें, सम्मान के साथ आगे बढ़ें और समाज के प्रत्येक क्षेत्र में आत्मनिर्भर होकर अपनी भूमिका निभाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन की सरकार महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा रही है।

यूपी पुलिस में महिलाओं की संख्या 45 हजार से अधिक

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में महिला सशक्तीकरण को लेकर किए जा रहे प्रयासों का परिणाम पुलिस बल में भी दिखाई दे रहा है। उत्तर प्रदेश पुलिस में महिलाओं की भर्ती के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई है। वर्ष 2017 में प्रदेश पुलिस बल में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या करीब 10 हजार थी, जो अब बढ़कर 45 हजार से अधिक हो गई है।

उन्होंने कहा कि नारी केवल नारा नहीं, बल्कि उसके गौरव, सुरक्षा और सम्मान की रक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का वातावरण उपलब्ध कराकर उन्हें राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनाया जा रहा है।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक नीरज बोरा, विधायक जय देवी, विधान परिषद सदस्य उमेश द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

Related Articles

Comments

Back to Top