आजादी की लड़ाई यूपी के बिना अधूरी, प्रदेश ने विकास और कानून-व्यवस्था में नए कीर्तिमान स्थापित किए: योगी

जनपत की खबर , 26

लखनऊ, 15 अगस्त। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधान भवन में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और देश की सुरक्षा में बलिदान देने वाले जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई उत्तर प्रदेश के योगदान के बिना अधूरी समझी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने मंगल पांडेय से लेकर झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, वीरांगना अवंतीबाई, झलकारी बाई, ऊदा देवी, चंद्रशेखर आजाद, ठाकुर रोशन सिंह और धन सिंह कोतवाल सहित स्वतंत्रता आंदोलन के वीरों को याद किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की धरती से स्वाधीनता का बिगुल पूर्व से पश्चिम तक प्रत्येक जनपद में पहुंचाने का काम स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने किया।

शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार को श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स के जांबाज शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शामली में कुख्यात अपराधियों के साथ मुठभेड़ में इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने चार दुर्दांत अपराधियों को मार गिराने में सफलता हासिल की, लेकिन इस दौरान गंभीर रूप से घायल होकर वीरगति को प्राप्त हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान के लिए उन्हें कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया। यह सम्मान केवल इंस्पेक्टर सुनील कुमार का नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस के प्रत्येक जवान के शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की सुरक्षा के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना डटे रहने वाले सभी वीर जवानों को नमन किया जाना चाहिए।

विभाजन की त्रासदी के साथ मिली थी आजादी

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1947 में हमारे पूर्वजों ने अंग्रेजी हुकूमत से देश को आजादी दिलाई, लेकिन इसके साथ ही देश को विभाजन की त्रासदी भी झेलनी पड़ी। आजादी के समय देश के सामने अशिक्षा, असमानता, अराजकता और छुआछूत जैसी गंभीर चुनौतियां थीं।

उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इन चुनौतियों से निपटने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। आज उत्तर प्रदेश रुकने वाला नहीं है और प्रदेश के परिवर्तन के परिणाम दिखाई दे रहे हैं। भारत विश्व के सामने नई शक्ति और ऊर्जा के साथ खड़ा है।

एक्सप्रेसवे से एआई तक यूपी ने बनाए नए कीर्तिमान

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे से एयरपोर्ट तक, डिजिटल इंडिया से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक और कृषि से अत्याधुनिक तकनीक तक नए कीर्तिमान स्थापित किए गए हैं। यूपी केवल बदल नहीं रहा, बल्कि देश की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के साथ आगे बढ़ रहा है। कानून-व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार हुआ है और उत्तर प्रदेश अब उपद्रव प्रदेश नहीं, बल्कि उत्सव प्रदेश के रूप में पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि आज यूपी की गिनती बीमारू राज्यों में नहीं होती।

अर्थव्यवस्था और निवेश में तेजी

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश का बजट करीब तीन गुना बढ़ा है और अर्थव्यवस्था तथा आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट (ODOP), एक जिला-एक प्रोजेक्ट, कुशीनगर विश्वविद्यालय और अटल आवासीय विद्यालय जैसी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश को नई दिशा दी गई है।

उन्होंने बताया कि बुंदेलखंड में करीब 56 हजार एकड़ क्षेत्र में टाउनशिप विकसित की जा रही है। प्रदेश को करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे लगभग 65 लाख युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएं बढ़ी हैं। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी क्षेत्र में करीब 9 लाख युवाओं को नौकरी मिली है, जबकि करीब चार करोड़ रोजगार के अवसरों के लिए संस्थागत आधार तैयार किया गया है।

सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, रोबोटिक्स और इलेक्ट्रिक व्हीकल जैसे आधुनिक क्षेत्रों में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है और युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुल रहे हैं।

शिक्षा और स्वास्थ्य पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों का कायाकल्प किया गया है। प्रदेश में ड्रॉपआउट दर घटकर करीब तीन प्रतिशत रह गई है।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से प्रदेश में करीब 10 करोड़ लाभार्थियों को पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण का पहला योद्धा बताते हुए कहा कि उन्हें कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। स्वस्थ शिक्षक ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में प्रभावी योगदान दे सकता है।

DBT से बिचौलियों पर रोक

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है। उन्होंने बताया कि करीब 65 लाख लोगों को आवास, तीन करोड़ लोगों को शौचालय और करीब 16 करोड़ लोगों को खाद्यान्न की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज सहित समाज के सभी वर्गों को विकास योजनाओं का लाभ मिल रहा है। डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश की करीब 57,600 ग्राम पंचायतों को पंचायत सचिवालयों से जोड़ने का काम किया गया है।

नारी शक्ति को मिल रहा सम्मान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की महिलाएं उद्यमिता और रोजगार सृजन में आगे बढ़ रही हैं। ड्रोन तकनीक के माध्यम से खेती को आसान बनाने के प्रयास हो रहे हैं। बीसी सखी, लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी पहल महिलाओं को प्रदेश के विकास में भागीदार बना रही हैं।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की बहन-बेटियां सुरक्षित वातावरण में बाजार जा सकती हैं, अकेले स्कूल जा सकती हैं और अपने सपनों को पूरा कर सकती हैं। पिछले नौ वर्षों में नारी शक्ति के सम्मान और सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक थाने में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं। 17 नगर निगमों के साथ गौतमबुद्ध नगर भी सेफ सिटी परियोजना से जुड़ा है, जिसमें महिलाओं की सहभागिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।

किसानों की आय और सुविधाओं पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और बाजार से जोड़ने का काम किया जा रहा है। गन्ना किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को मुफ्त विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया गया है।

उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि के तहत किसानों के खातों में बड़ी धनराशि पहुंचाए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार किसानों के हितों के लिए लगातार काम कर रही है।

युवाओं के लिए नई यूथ पॉलिसी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा शक्ति है। युवा प्रतिभावान, परिश्रमी और ऊर्जा से भरपूर हैं। सरकार ने नकल और भर्ती माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई की है।

उन्होंने कहा कि जेनरेशन जी और जेनरेशन अल्फा के युवाओं को ध्यान में रखते हुए एआई, डेटा सेंटर, साइबर तकनीक और इलेक्ट्रिक व्हीकल जैसे क्षेत्रों को तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है। युवाओं को स्वरोजगार के लिए ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है तथा प्रत्येक जिले में स्टेडियम और जिम जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ऐसी नई यूथ पॉलिसी लेकर आ रही है, जिसका उद्देश्य हर युवा के हाथ में स्किल और रोजगार उपलब्ध कराना है। इंटीग्रेटेड अप्रोच के माध्यम से युवाओं की क्षमता का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।

धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सभी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में पर्यटक आ रहे हैं और प्रदेश धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत को भी वैश्विक स्तर पर स्थापित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की जिम्मेदारी हम सभी की है। 25 करोड़ की आबादी वाला उत्तर प्रदेश यदि एकजुट होकर विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा तो विकसित भारत के निर्माण में प्रदेश महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों से राष्ट्र निर्माण, सुरक्षा, विकास और सामाजिक समरसता के लिए पूरी निष्ठा के साथ योगदान देने का आह्वान किया।

Related Articles

Comments

Back to Top