लखनऊ में ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सांख्यिकी प्रमुखों की बैठक शुरू, गुणवत्तापूर्ण आंकड़ों पर मंथन

जनपत की खबर , 14

लखनऊ, 3 अगस्त। भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालयों (NSO) के प्रमुखों की दो दिवसीय बैठक सोमवार को लखनऊ में शुरू हुई। "परिवर्तन के प्रेरक के रूप में गुणवत्तापूर्ण सांख्यिकी" विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में ब्रिक्स सदस्य देशों के प्रतिनिधियों, नीति निर्माताओं, शिक्षाविदों, तकनीकी विशेषज्ञों और नागरिक समाज संगठनों सहित 350 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

बैठक का आयोजन "सुदृढ़शीलता, नवाचार, सहयोग और सतत विकास (BRICS)" की थीम के अंतर्गत किया गया है। उद्घाटन सत्र में उत्तर प्रदेश के प्रधान सचिव (योजना एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन) आलोक कुमार ने प्रतिनिधियों का स्वागत किया। वहीं, सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के सचिव एवं ब्रिक्स 2026 सांख्यिकी ट्रैक के अध्यक्ष डॉ. सौरभ गर्ग ने राष्ट्रीय सांख्यिकी प्रणालियों के आधुनिकीकरण, प्रशासनिक डेटा और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के उपयोग तथा डेटा गोपनीयता और गुणवत्ता को सुदृढ़ करने पर जोर दिया।

बैठक में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात के प्रतिनिधियों ने भाग लेते हुए आधिकारिक सांख्यिकी को मजबूत बनाने के लिए सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

सम्मेलन के दौरान ब्रिक्स संयुक्त सांख्यिकी प्रकाशन (BRICS Joint Statistical Publication-2026) के मसौदे और उसके संक्षिप्त संस्करण का भी विमोचन किया गया।

तकनीकी सत्रों में डेटा प्रसार की राष्ट्रीय रणनीतियों, डिजिटल प्लेटफॉर्म, सांख्यिकीय प्रणाली में परिवर्तनकारी सुधार, प्रशासनिक डेटा के प्रभावी उपयोग तथा साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण जैसे विषयों पर विभिन्न सदस्य देशों ने अपने अनुभव और नवाचार साझा किए।

सम्मेलन में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि विश्वसनीय, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध आंकड़े ही प्रभावी नीति निर्माण, समावेशी विकास और सतत प्रगति की मजबूत आधारशिला हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top