एलडीए रिश्वत प्रकरण: गिरफ्तार कर्मचारी निलंबित, अवर अभियंता के निलंबन की शासन से संस्तुति
जनपत की खबर Aug 01, 2026 at 09:58 PM , 32**लखनऊ।** लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष **प्रथमेश कुमार** ने रिश्वत प्रकरण में गिरफ्तार पंप ऑपरेटर **चंद्र प्रकाश** को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, आरोपी **अवर अभियंता दिनेश कुमार वर्मा** के निलंबन की संस्तुति करते हुए शासन को पत्र भेजा गया है।
उपाध्यक्ष ने बताया कि उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान द्वारा दोनों को रिश्वत लेने के आरोप में रंगे हाथ गिरफ्तार किए जाने के बाद तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई की गई। चंद्र प्रकाश के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। जांच अधिकारी के रूप में विशेष कार्याधिकारी **देवांश त्रिवेदी** को नामित किया गया है।
प्रकरण के बाद एलडीए ने प्रवर्तन अनुभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत **आईजीआरएस**, व्हाट्सएप और अन्य माध्यमों से प्राप्त अवैध निर्माण संबंधी शिकायतों पर कार्रवाई से पहले उनका गहन परीक्षण किया जाएगा। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि शिकायतों को किसी भी नागरिक के उत्पीड़न का माध्यम नहीं बनने दिया जाएगा।
एलडीए ने प्रवर्तन अनुभाग से संबंधित कार्यालयों में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। यह निर्णय इस मामले में गिरफ्तार निजी व्यक्ति **श्रवण कुमार** की कथित भूमिका को देखते हुए लिया गया है। आरोप है कि वह अधिकारियों की मिलीभगत से शिकायतों के जरिए भवन स्वामियों को ब्लैकमेल करता था।
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने कहा कि आपसी रंजिश या ब्लैकमेल की मंशा से लगातार झूठी शिकायतें करने वाले **पेशेवर शिकायतकर्ताओं** की पहचान कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। ऐसे मामलों की सूची जांच के लिए संबंधित विभागों को भी भेजी जाएगी।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कोई बाहरी व्यक्ति या प्राधिकरण का कोई कर्मचारी अवैध लाभ की मांग करता है अथवा परेशान करता है, तो इसकी शिकायत तत्काल एलडीए के वरिष्ठ अधिकारियों से करें, ताकि दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा सके।































Comments