12 सितंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर लखनऊ में जन-जागरूकता अभियान तेज
अन्य खबरे Jul 30, 2026 at 04:10 PM , 29लखनऊ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ ने आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए जन-जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। यह जानकारी प्रभारी सचिव जीवक कुमार सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मलखान सिंह के मार्गदर्शन तथा राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी प्रकाश तिवारी के निर्देशन में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
प्रचार अभियान के तहत दीवानी न्यायालय परिसर, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, पारिवारिक न्यायालय, वाणिज्यिक न्यायालय, भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन प्राधिकरण, जनपद की सभी तहसीलों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक वादकारी इसका लाभ उठा सकें।
राष्ट्रीय लोक अदालत में दीवानी, वैवाहिक, मोटर दुर्घटना दावा, बैंक ऋण वसूली, श्रम, विद्युत, राजस्व, पारिवारिक, चेक बाउंस, प्री-लिटिगेशन, मध्यस्थता (आर्बिट्रेशन) सहित अन्य सुलह योग्य मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। लोक अदालत द्वारा पारित निर्णय अंतिम एवं सभी पक्षों पर बाध्यकारी होता है।
प्रभारी सचिव जीवक कुमार सिंह ने जनपदवासियों से अपील की कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अपने विवादों का त्वरित, सुलभ एवं किफायती समाधान प्राप्त करें और आपसी सौहार्द एवं भाईचारे को बढ़ावा दें।



























Comments