रिश्वतखोरी मामले में CBI ने 2012 बैच के IPS अधिकारी दीपक गहलावत को किया गिरफ्तार

अन्य खबरे , 31

नकली दवाओं के केस में राहत दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप, दिल्ली पुलिस इंस्पेक्टर समेत कई आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार

नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रिश्वतखोरी और प्रभाव के दुरुपयोग से जुड़े एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा कैडर के 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत को गिरफ्तार किया है। वर्तमान में दीपक गहलावत केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS), नई दिल्ली में तैनात हैं।
सीबीआई के मुताबिक, अधिकारी पर आरोप है कि उन्होंने अपने पद और व्यक्तिगत प्रभाव का इस्तेमाल कर रिश्वत लेने की साजिश में भूमिका निभाई। आरोप है कि उन्होंने नकली दवाओं की बिक्री से जुड़े एक मामले में आरोपियों को राहत दिलाने का भरोसा देकर अवैध धन की मांग की थी।
जांच के दौरान सामने आई IPS अधिकारी की भूमिका
सीबीआई ने 8 जून 2026 को दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह और दो निजी व्यक्तियों के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में जांच शुरू की थी। इसी जांच के दौरान आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत की भूमिका सामने आई।
जांच एजेंसी के अनुसार, गहलावत ने कथित रूप से दावा किया था कि वह अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर पुडुचेरी में नकली दवाओं की बिक्री से जुड़े सीबीआई मामलों में निजी पक्षों को राहत दिला सकते हैं। इसके बदले रिश्वत की मांग किए जाने का आरोप है।
ट्रैप कार्रवाई में बरामद हुए थे लाखों रुपये
इस मामले में सीबीआई पहले ही दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। एजेंसी की कार्रवाई के दौरान करीब 25 लाख रुपये की ट्रैप राशि, 90 लाख रुपये नकद और कई अहम दस्तावेज बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई थी।
सीबीआई अब मामले में आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत की भूमिका, अन्य आरोपियों से संबंध और कथित लेन-देन की जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Comments

Back to Top