50 हजार के इनामी गोवंश तस्कर को यूपी एसटीएफ ने बिहार से दबोचा, चंदौली में दर्ज मुकदमे में था वांछित

अन्य खबरे , 23

कंटेनर में 30 गोवंश लादकर ले जा रहा था बिहार, पुलिस को देखकर जाम का फायदा उठाकर हुआ था फरार

लखनऊ/चंदौली। उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई ने जनपद चंदौली में दर्ज गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के मुकदमे में वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त नुरूल खान को बिहार के गया जिले से गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नुरूल खान पुत्र मो. मुजम्मिल उर्फ मोजू, निवासी हमजापुर, थाना आमस, जनपद गया (बिहार) के रूप में हुई है। एसटीएफ टीम ने उसे 30 जून 2026 की रात करीब 8:25 बजे बाराचट्टी थाना क्षेत्र, जनपद गया (बिहार) स्थित गुड़िया सिंगार स्टोर एवं ब्यूटी पार्लर के सामने से गिरफ्तार किया।
चंदौली में दर्ज था गंभीर मुकदमा
एसटीएफ के अनुसार अभियुक्त नुरूल खान थाना चंदौली में दर्ज मुकदमा संख्या-06/2025 में वांछित था। उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम की धाराओं 3/5ए/5बी/8, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा-11 तथा बीएनएस की धारा-325 के तहत मामला दर्ज था। फरारी के चलते उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
कंटेनर में 30 गोवंश लेकर जा रहा था बिहार
पूछताछ में अभियुक्त ने एसटीएफ को बताया कि वह ट्रक/कंटेनर चालक का काम करता है। 7 जनवरी 2025 को कंटेनर संख्या BR02GA6205 में कानपुर से 30 गोवंश लादकर बिहार ले जा रहा था। चंदौली थाना क्षेत्र में सड़क जाम के दौरान पुलिस कार्रवाई कर रही थी। पुलिस को देखकर गिरफ्तारी के डर से वह वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया था।
मामले की जांच में उसका नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। इनाम घोषित होने के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए बिहार में छिपकर रह रहा था।
एसटीएफ टीम की कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में एसटीएफ फील्ड इकाई प्रयागराज की टीम द्वारा की गई। टीम में उपनिरीक्षक गुलजार सिंह, मुख्य आरक्षी प्रभंजन पाण्डेय, अजय सिंह यादव, अनूप राय एवं आरक्षी चालक अखण्ड प्रताप पाण्डेय शामिल रहे।
गिरफ्तार अभियुक्त को थाना चंदौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

Related Articles

Comments

Back to Top