**योगी सरकार का ‘मिशन शक्ति’ बना महिला सशक्तीकरण का राष्ट्रीय मॉडल, सुरक्षा से स्वावलंबन तक बदली लाखों बेटियों की जिंदगी**
जनपत की खबर Jun 09, 2026 at 02:25 PM , 30*प्रोजेक्ट गंगा के शुभारंभ अवसर पर मिशन शक्ति की उपलब्धियों को मिली नई पहचान, महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को मिला व्यापक विस्तार*
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अपने सरकारी आवास 5, कालिदास मार्ग, लखनऊ में आयोजित प्रोजेक्ट गंगा (Government Assisted Network for Growth and Advancement) के शुभारंभ कार्यक्रम में महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘मिशन शक्ति’ को एक प्रभावी और परिवर्तनकारी अभियान बताया। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति ने प्रदेश में महिलाओं और बालिकाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ उन्हें सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का नया आत्मविश्वास प्रदान किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने महिला सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को एकीकृत दृष्टिकोण के साथ जोड़कर ऐसा सशक्त मॉडल विकसित किया है, जिसने महिला सशक्तीकरण को केवल सरकारी योजना तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे जनभागीदारी से जुड़े व्यापक सामाजिक अभियान का रूप दिया है।
उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति के अंतर्गत लाखों छात्राओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। साथ ही उन्हें नेतृत्व क्षमता विकास, डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा जागरूकता और विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रोत्साहित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यालयों, महाविद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से महिला अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए गए हैं। इसके परिणामस्वरूप समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हुई है और उनके अधिकारों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ी है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मिशन शक्ति के माध्यम से प्रदेश की बेटियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें अपने सपनों को साकार करने के अवसर भी दिए गए हैं। यही कारण है कि आज उत्तर प्रदेश महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण के क्षेत्र में देश के लिए एक उदाहरण बनकर उभरा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रोजेक्ट गंगा और मिशन शक्ति जैसी पहलें प्रदेश के समग्र विकास को नई गति देंगी तथा महिलाओं और युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ के लक्ष्य को और मजबूत करेंगी।
प्रदेश सरकार का मानना है कि महिला सशक्तीकरण केवल सामाजिक न्याय का विषय नहीं, बल्कि राज्य के समग्र विकास की आधारशिला है। मिशन शक्ति इसी सोच को धरातल पर उतारने का सफल प्रयास साबित हुआ है, जिसने उत्तर प्रदेश में महिला सशक्तीकरण को एक व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया है।































Comments