एडीएम के आश्वासन पर शिक्षकों ने फिलहाल टाला जनगणना बहिष्कार, वेतन भुगतान के लिए कल दोपहर 12 बजे तक का अल्टीमेटम

जनपत की खबर , 22

लखनऊ। शिक्षकों के लंबित वेतन भुगतान को लेकर चल रहे विवाद के बीच सोमवार को महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया। अपर जिला अधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश कुमार सिंह द्वारा दिए गए मौखिक आश्वासन के बाद शिक्षकों ने प्रस्तावित जनगणना कार्य बहिष्कार को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया है।
शिक्षक प्रतिनिधियों के अनुसार एडीएम वित्त एवं राजस्व ने आश्वस्त किया है कि मंगलवार को दोपहर 12 बजे तक हर हाल में शिक्षकों के लंबित वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा। बैठक के दौरान यह भी कहा गया कि यदि निर्धारित समय सीमा तक वेतन जारी नहीं होता है तो शिक्षक संगठन आगे की जनगणना संबंधी समस्त गतिविधियों का बहिष्कार करने के लिए स्वतंत्र होंगे।
इस आश्वासन के बाद शिक्षक संगठनों एवं जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि प्रस्तावित जनगणना बहिष्कार को फिलहाल मंगलवार दोपहर 2 बजे तक वापस लिया जाता है। इस अवधि में शिक्षक अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे और प्रशासन द्वारा किए गए वादे के क्रियान्वयन की प्रतीक्षा करेंगे।
शिक्षकों का कहना है कि वे लंबे समय से वेतन भुगतान की मांग कर रहे हैं और इस संबंध में कई बार प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया जा चुका है। यदि तय समय तक भुगतान नहीं हुआ तो आगे की रणनीति पर पुनः विचार किया जाएगा तथा जनगणना सहित अन्य गैर-शैक्षणिक कार्यों के बहिष्कार पर निर्णय लिया जा सकता है।
वेतन भुगतान को लेकर जिले भर के शिक्षकों की निगाहें अब मंगलवार दोपहर 12 बजे पर टिकी हैं। प्रशासन के आश्वासन के बाद फिलहाल टकराव की स्थिति टल गई है, लेकिन निर्धारित समय सीमा में भुगतान न होने की स्थिति में आंदोलन एक बार फिर तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top