उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ लखनऊ चुनाव: नगर क्षेत्र समेत 6 विकास खंडों में पदाधिकारी निर्विरोध, मोहनलालगंज- चिनहट में 15 मई को मतदान
जनपत की खबर May 10, 2026 at 06:07 PM , 18लखनऊ। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, लखनऊ इकाई के समस्त विकास खंडों और नगर क्षेत्र के नामांकन की प्रक्रिया संपन्न हो गई। नामांकन पत्रों की जांच के बाद नगर क्षेत्र सहित छह विकास खंडों में अध्यक्ष, मंत्री और कोषाध्यक्ष पदों पर प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। वहीं मोहनलालगंज और चिनहट विकास खंडों में विभिन्न पदों पर एक से अधिक प्रत्याशी होने के कारण 15 मई 2026 को मतदान कराया जाएगा।
निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार विकास खंड सरोजिनी नगर से अध्यक्ष पद पर धीरेंद्र कुमार, मंत्री पद पर अमित कुमार तथा कोषाध्यक्ष पद पर संगीता सिंह निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। मलिहाबाद से अध्यक्ष अवधेश कुमार, मंत्री फहीम बेग और कोषाध्यक्ष धीरज सिंह निर्विरोध चुने गए।
काकोरी विकास खंड से अध्यक्ष अजय सिंह, मंत्री सौरभ कुमार वर्मा और कोषाध्यक्ष ममता यादव निर्विरोध निर्वाचित हुए। गोसाईगंज से योगेंद्र सिंह अध्यक्ष, पृथ्वी पाल सिंह मंत्री तथा हसीन अहमद कोषाध्यक्ष चुने गए। विकास खंड माल से प्रदीप सिंह अध्यक्ष, जितेंद्र कुमार मंत्री और शकील खान कोषाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।
विकास खंड बीकेटी से राधेश्याम यादव अध्यक्ष, शांति स्वरूप वर्मा मंत्री तथा खुर्शीद आलम कोषाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हुए। नगर क्षेत्र से अरुणेंद्र कुमार तिवारी अध्यक्ष, आरिफ हुसैन मंत्री और अर्चना मिश्रा कोषाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।
वहीं मोहनलालगंज और चिनहट विकास खंडों में चुनावी मुकाबला दिलचस्प हो गया है। मोहनलालगंज में अध्यक्ष पद के लिए रामशंकर शुक्ला और धनेश पांडे मैदान में हैं। मंत्री पद के लिए प्रेमशंकर और विमल किशोर तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए बृजेश कुमार और सुनील कुमार ने नामांकन दाखिल किया है।
चिनहट विकास खंड में अध्यक्ष पद के लिए प्रमोद कुमार त्रिपाठी और श्रीकृष्ण कुमार के बीच मुकाबला होगा। मंत्री पद पर बालमुकुंद मैदान में हैं, जबकि कोषाध्यक्ष पद के लिए राहुल कुमार और निशा कुमारी ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इन दोनों विकास खंडों में 15 मई 2026 को मतदान कराया जाएगा।
नामांकन प्रक्रिया उच्च प्राथमिक विद्यालय, आलमबाग बल्दीखेड़ा, पिकैडली होटल के निकट संपन्न हुई। पूरी निर्वाचन प्रक्रिया निर्वाचन पर्यवेक्षक बृजेश पांडे, प्रांतीय मंत्री एवं जिला अध्यक्ष उन्नाव, तथा निर्वाचन अधिकारी राजेश शुक्ला, मंडलीय संगठन मंत्री लखनऊ मंडल एवं जिला अध्यक्ष रायबरेली की देखरेख में संपन्न कराई गई।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ लखनऊ के जिला अध्यक्ष सुधांशु मोहन, जिला मंत्री वीरेंद्र सिंह और जिला कोषाध्यक्ष फहीम बेग सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर संगठन पदाधिकारियों ने संतोष व्यक्त किया।
































Comments