लखनऊ में शिक्षामित्र सम्मान समारोह: मानदेय वृद्धि, कैशलेस चिकित्सा और सम्मान के साथ सरकार ने दिया भरोसे का संदेश
जनपत की खबर May 05, 2026 at 05:30 PM , 20लखनऊ, 5 मई 2026। उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षामित्रों के सम्मान में आज लखनऊ में भव्य “शिक्षामित्र सम्मान समारोह” आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के माननीय उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, बीकेटी से विधायक योगेश शुक्ला, मोहनलालगंज से विधायक अमरेश रावत, विधान परिषद सदस्य मुकेश, मंडलायुक्त तथा जिलाधिकारी लखनऊ द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
समारोह में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय का प्रतीकात्मक डेमो चेक प्रदान किया। साथ ही, कैशलेस चिकित्सा व्यवस्था से आच्छादित होने वाले शिक्षामित्रों को सम्मानित भी किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने शिक्षामित्रों को सरकार के परिवार का अभिन्न सदस्य बताते हुए कहा कि उनकी किसी भी आवश्यकता में सरकार सदैव उनके साथ खड़ी रहेगी।
बीकेटी विधायक योगेश शुक्ला ने कहा कि शिक्षामित्र विद्यालय पहुंचने वाले प्रथम व्यक्ति होते हैं, जो विद्यालय के प्रबंधन और शैक्षिक गतिविधियों की शुरुआत करते हैं। उन्होंने शिक्षामित्रों की प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी की सराहना की।
मोहनलालगंज विधायक अमरेश रावत ने शिक्षामित्रों को बेसिक शिक्षा व्यवस्था की “रीढ़” बताते हुए कहा कि प्राथमिक शिक्षा की मजबूती में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान अनेक शिक्षामित्रों को 18,000 रुपये के प्रतीकात्मक डेमो चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विपिन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मानदेय वृद्धि के माध्यम से शिक्षामित्रों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने शिक्षामित्रों से अपेक्षा की कि वे इसी उत्साह के साथ बेसिक शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते रहें।
जिला समन्वयक प्रशिक्षण अवधेश शुक्ला ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय राजेश सिंह, विभिन्न विकासखंडों के खंड शिक्षा अधिकारी, एसआरजी, एआरपी तथा बड़ी संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहे।
समारोह ने स्पष्ट संदेश दिया कि उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षामित्रों के सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक सुदृढ़ीकरण को लेकर गंभीर है।


































Comments