लखनऊ में जमीन हड़पने की साजिश का पर्दाफाश, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले प्रॉपर्टी डीलर समेत दो गिरफ्तार

जनपत की खबर , 20

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के दक्षिणी जोन के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में जमीन हड़पने के लिए रची गई सनसनीखेज साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने एक प्रॉपर्टी डीलर और उसकी महिला सहयोगी को गिरफ्तार किया है, जिन पर एक व्यक्ति को नशीला पदार्थ पिलाकर अचेत करने, अश्लील वीडियो बनाने और उसे ब्लैकमेल कर जमीन अपने नाम कराने की साजिश रचने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, मोहारीकला, गोसाईंगंज निवासी रीता सैनी की तहरीर पर 1 मई 2026 को मु0अ0सं0 276/2026 दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने संगठित गिरोह बनाकर उनके पति हरिओम शिव वनमाली को बहाने से बुलाया, नशीला पदार्थ देकर अचेत किया और फिर अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर जमीन हड़पने के लिए ब्लैकमेल करने की योजना बनाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सरयू अपार्टमेंट, सुशांत गोल्फ सिटी में दबिश देकर सुनील शुक्ला और आकांक्षा पांडेय को गिरफ्तार कर लिया। मौके से घटना में प्रयुक्त काले रंग की फॉर्च्यूनर (UP32PT2575) भी बरामद की गई है।

पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे “शुभ मंगलम इंफ्रा” के नाम से मोहारीकला क्षेत्र में प्रॉपर्टी का कारोबार करते हैं। गांव निवासी हरिओम शिव वनमाली की जमीन खरीदने को लेकर बातचीत चल रही थी। आरोप है कि जमीन दिलाने के नाम पर काफी खर्च करने के बावजूद जब हरिओम की पत्नी रीता सैनी ने जमीन देने से इनकार कर दिया, तब आरोपियों ने साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, 28 अप्रैल 2026 को आरोपी सुनील शुक्ला, आकांक्षा पांडेय, राजू और नरेंद्र कुमार ने मिलकर हरिओम शिव वनमाली को बुलाया। उसे अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी में बैठाकर पहले शराब पिलाई गई, फिर शराब में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे अचेत कर दिया गया।
इसके बाद आरोपियों ने उसे सैनिक गेस्ट हाउस ले जाकर उसकी अचेत अवस्था में आकांक्षा पांडेय के साथ अश्लील वीडियो और फुटेज तैयार किए। योजना यह थी कि अगले दिन होश में आने के बाद हरिओम और उसके परिवार को वीडियो दिखाकर बलात्कार के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाएगी और इसी दबाव में जमीन अपने नाम कराई जाएगी।
हालांकि आरोपियों की योजना उस समय विफल हो गई जब पीड़ित की पत्नी रीता सैनी ने सूझबूझ दिखाते हुए पुलिस में मुकदमा दर्ज करा दिया।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने इस मामले में निम्न दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है—

सुनील शुक्ला (35 वर्ष), निवासी पटेल नगर, नीलमथा, थाना सुशांत गोल्फ सिटी, लखनऊ
आकांक्षा पांडेय (30 वर्ष), निवासी सरयू इनक्लेव, सुशांत गोल्फ सिटी, लखनऊ
दो आरोपी अभी फरार
मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं—
राजू, निवासी मोहारीकला, गोसाईंगंज
नरेंद्र कुमार, निवासी मोहारीकला, गोसाईंगंज
पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
सुनील शुक्ला पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी सुनील शुक्ला के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध तीन अभियोग पंजीकृत हैं, जबकि आकांक्षा पांडेय के खिलाफ इस मामले सहित एक मुकदमा दर्ज है।

न्यायालय में पेशी
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष रिमांड हेतु पेश किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
इस सनसनीखेज खुलासे ने राजधानी में प्रॉपर्टी कारोबार की आड़ में चल रहे आपराधिक षड्यंत्रों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top